इंदौर जिले में नशा मुक्त भारत अभियान को मिलेगी नई गति

स्कूल-कॉलेज होंगे केंद्र, 101 स्कूलों को किया गया तंबाकू मुक्त घोषित

इंदौर : शुक्रवार, जून 20, 2025/ इंदौर जिले में नशा मुक्त भारत अभियान को प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। इस दिशा में न केवल जनजागरूकता गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा, बल्कि तंबाकू नियंत्रण को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। अब स्कूलों, कॉलेजों, कॉलोनियों और गांवों में विशेष रूप से जागरूकता और निगरानी की गतिविधियाँ चलाई जाएंगी।

यह निर्णय आज कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बैठक में जिले में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि इंदौर में तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत अभिनव पहल करते हुए अब तक 101 स्कूलों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया है। इस कार्य को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

अभियान के अगले चरण में स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्ति कमेटियों का गठन किया जाएगा। शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें समाज में जागरूकता लाने के लिए सक्षम बनाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सके। साथ ही चिन्हित कॉलोनियों और ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्त गतिविधियाँ प्रारंभ की जाएंगी। बैठक में मध्यप्रदेश वॉलंटरी हेल्थ आर्गेनाईजेशन के मुकेश सिन्हा ने संस्था द्वारा नशा मुक्ति के क्षेत्र में किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी दी।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal