नई दिल्ली : शुक्रवार, जून 13, 2025/ इजराइल और ईरान के बीच तनाव गहराने की खबरों के बीच सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग बढ़ गई। सोने के दाम मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को करीब दो प्रतिशत बढ़कर एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गए हैं। सोने में तेजी की वजह मध्य-पूर्व में इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष का बढ़ना है। सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है।
एमसीएक्स में अगस्त में आपूर्ति किए जाने वाले सोने का मूल्य अपने नए उच्चतम स्तर एक लाख 403 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंँच गया। जबकि, अक्तूबर में समाप्त होने वाले अनुबंध वाले सोने के दाम अपने सर्वोच्च स्तर एक लाख एक हजार 295 रूपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए। गौरतलब है कि, पिछले एक महीने में अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में सोने के दाम अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं।
वायदा बाजार के साथ-साथ स्पॉट पर भी सोने और चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम बढ़कर 99,170 रुपए हो गया है, जो कि पहले 97,455 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। 22 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 90,840 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 89,269 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 74,378 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 73,091 रुपए प्रति 10 ग्राम पर थी।
चांदी की कीमत में भी बढ़त देखी गई है और यह बढ़कर 1,06,240 रुपए प्रति किलो हो गई है, जो कि पहले 1,05,498 रुपए थी। कामा ज्वेलरी के मैनेजिंग डायरेक्टर कॉलिन शाह ने कहा कि भू-राजनीतिक तनावों और भारतीय रुपए के कमजोर होने के चलते देश में सोने की कीमतें सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है।




