भोपाल : शनिवार, जून 14, 2025/ भोपाल सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, जो मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ (एमपीसीडीएफ) से संबद्ध है, द्वारा उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त दूध सुलभ एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने हेतु “एडवांस कार्ड योजना” की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर महासंघ के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी एवं भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीतेश जोशी ने शाहपुरा स्थित मनीषा सांची पार्लर पर उपभोक्ताओं को एडवांस कार्ड प्रदान कर योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सांची ब्रांड के तरल दूध पर ₹0.50 प्रति लीटर की छूट दी जाएगी, जो प्रतिदिन अधिकतम 3 लीटर तक लागू होगी। यह पहल खासतौर पर शहरी कार्यरत उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और गृहस्थ परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी जो नियमित रूप से शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त दूध की आवश्यकता रखते हैं।
डॉ गोवाणी ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि “सांची” न केवल गुणवत्ता का प्रतीक है, बल्कि उपभोक्ताओं की आर्थिक सुविधा का भी ध्यान रखता है। उन्होंने कहा कि भोपाल दुग्ध संघ द्वारा यह पहल उपभोक्ता केंद्रित दृष्टिकोण की एक उत्कृष्ट मिसाल है, जिससे सांची ब्रांड के प्रति लोगों का विश्वास और सुदृढ़ होगा।
इस अवसर पर जोशी ने बताया कि उपभोक्ता हर माह की 16 तारीख से लेकर आगामी माह की 15 तारीख तक नजदीकी सांची पार्लरों पर जाकर एडवांस कार्ड बनवा सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि कोई उपभोक्ता 16 जून को कार्ड बनवाता है, तो वह छूट का लाभ 15 जुलाई तक उठा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ पहुंचाना और उन्हें सांची ब्रांड की गुणवत्ता व विश्वसनीयता से जोड़ना है। संघ यह सुनिश्चित कर रहा है कि यह लाभ केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को मिले; यह छूट विक्रेताओं एवं वितरकों को लागू नहीं होगी।
भोपाल दुग्ध संघ द्वारा इस योजना के व्यापक प्रचार हेतु विभिन्न माध्यमों जैसे बैनर, पोस्टर, मीडिया कवरेज एवं क्षेत्रीय जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जा रहा है। संघ के पर्यवेक्षकों एवं विपणन कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संपर्क कर योजना की जानकारी दें।
भोपाल दुग्ध संघ का विश्वास है कि यह योजना उपभोक्ताओं को सांची से दीर्घकालिक रूप से जोड़ेगी, साथ ही दूध की खरीद पर उनके मासिक व्यय में सीधी बचत सुनिश्चित करेगी। निकट भविष्य में संघ इसी प्रकार की और भी उपभोक्ता हितैषी योजनाओं पर कार्य कर रहा है।




