भोपाल : बुधवार, नवम्बर 27, 2024/ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की जतना खासकर दलित, आदिवासियों और महिलाओं पर भाजपा द्वारा संरक्षित दबंगों द्वारा हो रहे अविराम दुराचार, अत्याचार और ध्वस्त कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाया है।
पटवारी ने कहा कि शिवपुरी में खेत के बोर से पानी लेने पर संरपंच के बेटे और परिजनों से विवाद होने पर सरपंच और उसके परिजनों द्वारा एक दलित युवक की लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। यह दृश्य सुनने में इतना अमानवीय, वीभत्स और हृदय विदारक है तो देखने में क्या स्थिति रही होंगी? कोई भी व्यक्ति इतना विभत्स और कठोर कार्य कैसे कर सकता है?
पटवारी ने कहा कि मप्र में आये दिन इस तरह की घटनाएं रोज हो रही हैं। दलितों-आदिवासियों के साथ अमानवीय व्यवहार और हिंसा, महिलाओं के साथ बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, छेड़छाड़ की घटनाएं रोजमर्रा का विषय बन गई हैं।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिनके पास गृह मंत्रालय का भी दायित्व हैं, वे ना तो पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते हैं, न ही अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस महकमें को कोई निर्देश देते हैं और ना ही उनके पास इनके लिए कोई समय है। ऐसी स्थिति में पुलिस विभाग निरंकुश और स्वेच्छाचारी हो गया है। ऐसे में पुलिस का डर अपराधियों के बीच खत्म हो गया है और अपराधी बेखौफ होकर बड़े से बड़े अपराध को अंजाम देने में कोई संकोच नहीं कर रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश भर में भाजपा के नेता पुलिस थाने चला रहे हैं। राजनैतिक हस्तक्षेप बढ़ने के कारण मप्र की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराकर समाप्त हो चुकी हैं। पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो प्रदेश की जनता के साथ हो रहे अत्याचार को रोकने और जनमानस के साथ हो रही इन वीभत्स घटनाओं पर विराम लगानेे लिए कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी।




