नई दिल्ली : शुक्रवार, मई 16, 2025/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सिक्किम अपनी असीम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपने लोगों की गर्मजोशी के लिए व्यापक रूप से प्रशंसित है। राष्ट्रपति ने कहा कि राज्य ने भारत के सबसे अधिक पर्यावरण के प्रति जागरूक राज्यों के रूप में प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रदर्शित करते हुए सतत विकास के उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित किए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सिक्किम के लोगों को राज्य दिवस पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस वर्ष यह अवसर और भी खास है, क्योंकि हम सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं! सिक्किम सौम्य सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों का स्थान है।” प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “सिक्किम के लोगों को राज्य दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं! इस वर्ष यह अवसर और भी खास है क्योंकि हम सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं! सिक्किम सौम्य सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों का स्थान माना जाता है। सिक्कम ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। इस खूबसूरत राज्य के लोग समृद्ध होते रहें।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सिक्किम के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए एक्स पर कहा, “सिक्किम दिवस पर, सिक्किम के बहनों और भाइयों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। हिमालय की गोद में बसे सिक्किम ने अपने लोगों की कड़ी मेहनत और आतिथ्य के साथ जैविक कृषि और पर्यटन में उत्कृष्टता के मानक स्थापित किए हैं। राज्य की निरंतर समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूँ।”
सिक्किम,देश के पूर्वोत्तर भाग में, पूर्वी हिमालय में स्थित है। यह भारत के सबसे छोटे राज्यों में से एक है। सिक्किम की सीमा उत्तर और उत्तर-पूर्व में चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र, दक्षिण-पूर्व में भूटान, दक्षिण में भारतीय राज्य पश्चिम बंगाल और पश्चिम में नेपाल से लगती है। राज्य की राजधानी गंगटोक है, जो राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग में स्थित है।
सिक्किम 16 मई, 1975 को भारत का 22वां राज्य बना। यह राज्य सिक्किम के पहले मुख्यमंत्री लेहंडुप दोरजी खंगसरपा के नेतृत्व में बना, जिन्होंने तत्कालीन चोग्याल साम्राज्य में लोकतंत्र की शुरुआत की थी।




