भोपाल : शुक्रवार, मई 9, 2025/ भारतीय सेना के गौरव, साहस और बलिदान को समर्पित एक ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने भोपालवासी, जब आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत ‘जय हिंद यात्रा’ का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। यह यात्रा सेना के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और सामाजिक एकता के संकल्प का प्रतीक बन गई।
यात्रा की शुरुआत सायं 4:30 बजे रेडक्रास (शिवाजी चौक) से हुई, जो जनसैलाब के बीच शौर्य स्मारक तक पहुँची। भारत माता की जय और वंदे मातरम् जैसे गगनभेदी नारों के साथ, तिरंगे की छांव में चल रही यह यात्रा जनमानस को देशभक्ति के भाव में सराबोर कर गई। आम नागरिकों की अद्वितीय भागीदारी ने इस आयोजन को एक ऐतिहासिक जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने भारतीय सेना के अतुलनीय योगदान को नमन किया।
यात्रा के मार्ग में सेना की झांकियां, युवाओं की टोलियाँ, और गगनभेदी नारे राष्ट्रप्रेम की एक अनुपम मिसाल बनकर उभरे। इस यात्रा में सभी वर्गों एवं धर्मों के हजारों नागरिकों ने सहभागिता की, जो एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का अनूठा उदाहरण रहा।
‘जय हिंद यात्रा’ के सफल आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय सेना के प्रति सम्मान केवल एक भावना नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक चेतना है जो हर भारतीय के हृदय में धड़कती है।




