नई दिल्ली : शुक्रवार, मई 9, 2025/ अमरीका के रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट को नया पोप चुना गया है। कैथोलिक चर्च के इतिहास में वे पोप बनने वाले वह पहले अमरीकी हैं। उन्हें पोप लियो चौदहवें के नाम से जाना जाएगा। शिकागो में जन्मे उन्हत्तर वर्षीय प्रीवोस्ट ऑगस्टिनियन ऑर्डर के सदस्य हैं और पेरू में सेवा दे चुके हैं। उन्हें 2023 में पोप फ्रांसिस ने बिशपों के डिकास्टरी का प्रीफेक्ट और लैटिन अमरीका के लिए पोंटिफिकल कमीशन का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
वेटिकन की बालकनी से लोगों को संबोधन में रोमन कैथोलिक चर्च के नए प्रमुख ने सब के लिए शांति की कामना की। 133 कार्डिनल्स के सम्मेलन के बाद सिस्टिन चैपल की चिमनी से निकलने वाले सफेद धुएं के संकेतक से नए पोप के चयन की सूचना मिली। नए पोप के चुनाव के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 89 वोटों की आवश्यकता थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के लोगों की ओर से सर्वोच्च पोप लियो XIV को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कैथोलिक चर्च में पोप के नेतृत्व की सराहना करते हुए वैश्विक शांति, सद्भाव, एकजुटता और सेवा को बढ़ावा देने में उनके गहन महत्व को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में लिखा “मैं भारत के लोगों की ओर से सर्वोच्च पोप लियो XIV को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। कैथोलिक चर्च का उनका नेतृत्व शांति, सद्भाव, एकजुटता और सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण क्षण है। भारत हमारे साझा मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए पोप के साथ निरंतर संवाद और जुड़ाव के लिए प्रतिबद्ध है।




