भोपाल : शुक्रवार, अप्रैल 25, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी के स्वामी विवेकानंद सभागार में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठी को किया संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया। उन्होंने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गठन का विचार दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि देश को पहली बार जल प्रबंधन और संरक्षण का विचार भी बाबा साहब ने दिया। वो एक अर्थशास्त्री, समाज सुधारक, शिक्षाविद्, लेखक और पत्रकार भी थे। उन्होंने देश को इतना कुछ दिया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें आजादी के बाद 55 सालों तक भारत रत्न क्यों नहीं दिया? कांग्रेस की सरकार जब स्व. राजीव गांधी को भारत रत्न दे सकती है, तो बाबा साहब को क्यों नहीं दिया? वजह साफ है कि कांग्रेस और उसका नेतृत्व बाबा साहब से घृणा करते थे। हमें बाबा साहब के कामों और उनके साथ कांग्रेस पार्टी के व्यवहार को जन-जन तक पहुंचाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बाबा साहब ने हर तरह का अपमान सहने के बाद, हर तरह की कठिनाइयों का सामने करने के बाद जब देश का संविधान लिखा, तो समाज के हर वर्ग का कल्याण कैसे हो, इस बात की चिंता की। लेकिन कांग्रेस के जो लोग संविधान को हाथ में लेकर बात करते हैं, उन्होंने बाबा साहब के बनाए संविधान से खिलवाड़ किया है। कांग्रेस की सरकार ने संविधान की प्रस्तावना में परिवर्तन करके उसमें धर्म निरपेक्ष और समाजवाद शब्द जोड़ दिये, जिसका बाबा साहब ने पुरजोर विरोध किया। कांग्रेस ने संविधान में ये शब्द सिर्फ अपने स्वार्थ, तुष्टिकरण और एक वर्ग को खुश करने के लिए जोड़े थे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को जब न्यायालय ने अवैध ठहरा दिया, तो उन्होंने पद पर बने रहने के लिए आपातकाल लगा दिया। कांग्रेस ने एक-दो बार नहीं, 75 बार अपने स्वार्थों के लिए संविधान में संशोधन किया। कांग्रेस पार्टी शुरू से फूट डालो, राज करो तथा तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और पहलगाम जैसा आतंकी हमला उसकी इसी राजनीति का परिणाम है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के तुरंत बाद पं. नेहरू की सरकार ने संविधान में जम्मू-कश्मीर के लिए धारा 370 का प्रावधान कर दिया। इसके अनुसार कश्मीर को संविधान, वहां का ध्वज और वहां का प्रधानमंत्री अलग होना था। इसमें ये भी प्रावधान था कि वहां अगर किसी सफाईकर्मी का बच्चा योग्य है, तब भी वह किसी पद पर नियुक्त नहीं हो सकेगा। कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर के विरोध को दरकिनार करते हुए धारा 370 जोड़ी थी। इसी धारा के विरोध में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और जनसंघ की स्थापना की। डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए अपना बलिदान दे दिया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी की सरकार पूर्ण बहुमत न होने के कारण इस धारा को हटा नहीं सकी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश की एकता अखंडता तथा कश्मीर के दलितों को शोषण से बचाने के लिए धारा 370 को हटा दिया। श्री शर्मा ने कहा कि ट्रिपल तलाक की व्यवस्था किसी मुस्लिम देश में भी नहीं थी, लेकिन भारत में प्रचलित थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने मुस्लिम बहनों के जीवन को नर्क बनने से बचाने के लिए कानून बनाकर इस व्यवस्था को खत्म कर दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और पं. नेहरू बाबा साहब से घृणा करते थे, इसलिए उन्हें कभी वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वो हकदार थे। पं. नेहरू ने बाबा साहब को चुनाव हरवाने के लिए क्या-क्या नहीं किया। बाद में जब बाबा साहब ने नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया, तो पं. नेहरू ने यह कहकर बाबा साहब का अपमान किया था कि उनके इस्तीफे से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। शर्मा ने कहा कि वीपी सिंह के नेतृत्व में जब भाजपा के सहयोग से सरकार बनी, तब उस सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न प्रदान किया। भाजपा की सरकार ने महू से लेकर नागपुर तक और मुंबई से लेकर इंग्लैंड तक बाबा साहब के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बाबा साहब का कहना था कि अगर शरीर का कोई अंग कमजोर है, तो शरीर स्वस्थ नहीं हो सकता। इसलिए समाज के हर अंग यानी हर वर्ग का उत्थान जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा भी बाबा साहब से ही प्रेरित है। बाबा साहब चाहते थे कि संपूर्ण भारत एकसूत्र में बंधे और विकसित भारत बने, जिसका संकल्प हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया है। बाबा साहब के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में हम सभी उनके विकसित भारत के संकल्प को जमीन पर उतारने का संकल्प लें। संगोष्ठी को पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुमित्रा वाल्मीकि एवं रामकिशोर दाहिया ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री व विधायक संजय पाठक, जिला अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला प्रभारी संजय साहू, विधायक प्रणय पाण्डे, पूर्व जिला अध्यक्ष रामरतन पायल, पीतांबर टोपनानी, पूर्व मंत्री अल्का जैन, शंशाक श्रीवास्तव, महापौर प्रीति सूरी, राजेश चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को कटनी प्रवास के दौरान पूर्व जिला महामंत्री स्वर्गीय नवल गट्टानी के दुखद निधन पर उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की एवं परिजनों को ढांढस बंधाया। शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ता स्वर्गीय मनोज कस्तवार व उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय डॉली कस्तवार के असामयिक निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक व्यक्त किया।




