डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ निकाली जाएगी पदयात्रा- मंत्री विश्वास सारंग

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर पूरे देश में जय भीम पदयात्रा का आयोजन

भोपाल : रविवार, अप्रैल 13, 2025/ देश के संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के अग्रदूत और महान विचारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा पूरे देश में 13 अप्रैल को ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि मध्यप्रदेश खेल और युवा कल्याण विभाग के माध्यम से रविवार 13 अप्रैल 2025 को ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा भोपाल में 13 अप्रैल को शाम 5 बजे शौर्य स्मारक से अम्बेडकर प्रतिमा से पुनः शौर्य स्मारक पर जाकर समाप्त होगी। इस आयोजन में हजारों की संख्या में युवा साथी उपस्थित रहेंगे जो डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग को आत्मसात करने का संकल्प लेंगे।

मंत्री सारंग ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने न केवल देश को एक समतामूलक संविधान प्रदान किया, बल्कि सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आजीवन संघर्ष करते हुए समता, बंधुता और न्याय के मूल्यों को जनमानस में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश खेल विभाग द्वारा आयोजित इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना, अंबेडकर जी के योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना तथा उनके संकल्पों को पुनः स्मरण कर उन्हें आत्मसात करना है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal