भोपाल : गुरूवार, मार्च 27, 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार दोपहर सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्टर कार्यालय सभागृह में सिंहस्थ के प्रगतिरत कार्यों और सिंहस्थ कार्य योजना की समीक्षा की। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी विभाग निविदा स्वीकृत होने के 24 घंटे मे एलओए जारी करें और निविदा के कार्य में भी तेजी लाए। बैठक में मुख्य सचिव ने जल संसाधन विभाग के शिप्रा घाट निर्माण के निविदा कार्य में देरी होने के कारणों की जांच करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे। सभी विभाग सिंहस्थ कार्यों की गुणवत्ता जांच समय-समय पर की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मुख्य सचिव श्री जैन ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ से संबंधित कार्यों में केंद्र सरकार के मंत्रालयों और रेल्वे की अनुमति लंबित है, उन सभी कार्यो की सूची बनाकर शासन को भेजे जिससे मंत्रालय स्तर से सीधे चर्चा कर अनुमति प्राप्त की जा सके। एनएचएआई भी सिंहस्थ के सभी कार्यों की सूची बनाकर शासन को भेजे जिससे स्वीकृतियां शासन स्तर पर चर्चा कर शीघ्र प्राप्त हो।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बैठक में निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 में भीड़ प्रबंधन के लिए सिंहस्थ 2016 और सिंहस्थ-2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को दृष्टिगत रखते हुए प्रबंध संस्थानों से भी आंकलन कराये। इससे अमृत स्नान के दिन प्रबंधन बेहतर तरीके से करने में आसानी हो सके।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये की उज्जैन में सिहस्थ-2028 को सबसे बेहतर तरीके से आयोजित करने के लिए आवश्यक है कि आने वाले श्रृद्धालुओं को कम से कम समस्या हो और आसानी से स्नान हो सके, इस प्रकार की व्यवस्थाएं की जाए। उज्जैन सिंहस्थ-2028 को सबसे व्यवस्थित, सुंदर और आध्यात्मिक बनाने के लिए कार्य योजना अनुसार ही काम किया जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम और नगर निगमके अधिकारियों को निर्देशित किया कि सिंहस्थ के किसी प्रोजेक्ट में अगर लक्ष्यानुसार कार्य नहीं हुआ है तो उसके कारणों का पता कर,उसका समाधान करे जिससे भविष्य में कार्य लक्ष्यानुसार हो सके। अधिकारी सभी कार्यों की ठेकेदारों से कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रतिदिन शाम को लें।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरूवार को उज्जैन में माँ क्षिप्रा को स्वच्छ, अविरल और प्रवहमान बनाने के लिए निर्माणाधीन सिलारखेड़ी डेम और कान्ह क्लोज़ डक्ट परियोजना के छायन में सेगमेंट बिछाने के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव जैन को संभागायुक्त संजय गुप्ता एवं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने निर्माण कार्यों की जानकारी विस्तृत रूप से प्रदान की। मुख्य सचिव जैन ने सभी कार्यों के टेक्निकल बारीकियों एवं कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में जिला पंचायत सीईओ जयति सिंह, अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे, एडीएम प्रथम कौशिक, जल संसाधन विभाग के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




