डॉ. अम्बेडकर नगर महू में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में

इन्दौर : सोमवार, मार्च 10, 2025/ डॉ. अम्बेडकर नगर महू में कल 09 मार्च की रात्रि को हुई घटना के बाद स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। एहतियात के रूप में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किये गए है। दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कुछ आरोपियों के विरूद्ध रासुका के तहत भी कार्रवाई की जायेगी। घटना के पश्चात डॉ. अम्बेडकर नगर महू में चौकस निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष ‍सिंह और एसपी ग्रामीण हितिका वासल सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तुरंत ही महू पहुँचे तथा देर रात तक उपस्थित रहकर स्थिति को नियंत्रित कराया।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal