नई दिल्ली : शनिवार, मार्च 8, 2025/ महिला शक्ति और उपलब्धियों को प्रेरणादायी सम्मान देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म उन महिलाओं को सौंप दिए हैं जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर, सफल महिलाएं प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी कहानियां और गहन सोच साझा करेंगी। सफल महिलाओं ने प्रधानमंत्री के एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया “अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, परमाणु प्रौद्योगिकी और महिला सशक्तिकरण। हम एलिना मिश्रा, एक परमाणु वैज्ञानिक और शिल्पी सोनी, एक अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं और हम #महिला दिवस पर प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का संचालन करने को लेकर रोमांचित हैं। हमारा संदेश है कि भारत विज्ञान के लिए सर्वाधिक उपयुक्त स्थान है और इसलिए हम अधिकाधिक महिलाओं से इसमें आगे बढ़ने का आह्वान करते हैं।”
प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया एकाउंट से डॉक्टर अंजलि अग्रवाल ने कहा कि वे बदलाव की लौ जलाने के लिए राष्ट्र का आह्वान करना चाहती हैं। डॉक्टर अग्रवाल समर्थ्यम सुगम्यता केन्द्र की संस्थापिका हैं। उन्होंने सभी से सुगम्य भारत को सशक्त करने और विकसित भारत की प्रेरक शक्ति बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक महिला और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान, गरिमा और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी सके।
सामाजिक उद्यमी अजयिता शाह ने कहा कि महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से सशक्त महिला पूरे आत्मविश्वास से निर्णय ले सकती है और अपने भविष्य के साथ-साथ आधुनिक भारत का निर्माण कर सकती है।
परमाणु वैज्ञानिक एलिना मिश्रा और अंतरिक्ष वैज्ञानिक शिल्पी सोनी ने कहा कि महिला दिवस पर प्रधानमंत्री का सोशल मीडिया एकाउंट संचालित करना रोमांचकारी अनुभव है। उन्होंने कहा कि भारत विज्ञान की प्रगति के लिए सर्वाधिक उपयुक्त स्थल है। उन्होंने महिलाओं से इस दिशा में आगे आने का आग्रह किया।