भोपाल : मंगलवार, मार्च 4, 2025/ सरोजिनी नायडू महाविद्यालय में पारंपरिक परिधान दिवस का आयोजन 03 मार्च 2025 सोमवार को पूर्ण भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय, भोपाल में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह उद्घाटन के साथ ही पहले दिन को “Traditional Attire Day” के रूप में मिस नूतन प्रतियोगिता के अंतर्गत मनाया गया, जिसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपराओं के उत्सव को छात्राओं द्वारा मोहक अंदाज़ में मंच पर प्रस्तुत किया। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को भारत की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना और उनमें अपनी परंपराओं के प्रति गर्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन न केवल हमारी विरासत (Heritage) और पहचान (Identity) को सहेजने का अवसर है, बल्कि हमें विभिन्न संस्कृतियों को जानने, समझने और सम्मान देने की प्रेरणा भी देता है। प्राचार्य डॉ दीप्ति श्रीवास्तव द्वारा छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि “मिस नूतन 2025” के इस परिधान दिवस ने “Unity in Diversity” की भावना को और प्रबल किया, जहां 22 छात्राओं ने भारतीय परंपराओं का सम्मान किया और भारत के विभिन्न राज्यों की पहचान प्रदर्शित करते हुए उस राज्य की परिधान के साथ समृद्ध संस्कृति का गर्व से प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, कार्यक्रम की प्रभारी डॉ अर्चना गौड़ द्वारा यह बताया गया कि यह आयोजन एक यादगार अनुभव बन गया और छात्राओं को उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व निखारने का सुअवसर प्रदान करता है।




