रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी, भाजपा विधायक दल की बैठक में नाम का ऐलान

नई दिल्ली : बुधवार, फरवरी 19, 2025/ रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। नई दिल्ली में आज शाम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम की घोषणा की गई। हाल ही में विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से राजनीतिक यात्रा शुरू की। रेखा गुप्‍ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी बनीं। रेखा गुप्‍ता दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव भी रह चुकी हैं।

राजधानी के रामलीला मैदान में कल दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जायेगा। इस समारोह में नई सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल विधायक भी शपथ लेंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल को उनके पद की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ भाजपा और एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

सीएम चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।”

रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।

वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़ी रही हैं। महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए, उन्होंने “सुमेधा योजना” जैसी पहल शुरू की, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता की। महिला कल्याण और बाल विकास समिति की प्रमुख के रूप में, उन्होंने महिलाओं के लिए सशक्तिकरण अभियान का नेतृत्व किया। रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal