मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत, 20 घायल

भोपाल : मंगलवार, फरवरी 18, 2025/ मध्य प्रदेश में आज सुबह भिंड जिले में एक डंपर ट्रक ने एक वैन को टक्कर मार दी, जिसमें तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे जवाहरपुरा गांव के पास हुआ, जब कुछ लोग विवाह समारोह से लौट रहे थे। तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया। घायलों में से 12 लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का भिंड जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के जवाहरपुरा गांव के नजदीक नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में कुछ लोगों के असामयिक निधन का समाचार मिला है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि दुर्घटना में काल कवलित मृतकों के सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस दुर्घटना में घायल नागरिकों के समुचित उपचार की व्यवस्था के लिए भिंड जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है। सड़क दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि और गंभीर घायलों को एक एक लाख एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal