भोपाल : मंगलवार, फरवरी 18, 2025/ राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत स्थानीय सरोजिनी नायडू शासकीय स्नात्तकोत्तर महिला महाविद्यालय, भोपाल में मानसिक स्वास्थ्य सेमिनार का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल के निर्देशन में आयोजित इस सेमिनार का उद्घाटन सरोजिनी नायडू महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ दीप्ति श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन नूतन कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ संतोष रालावानिया ने किया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य की संकल्पना, मानसिक रोगों के प्रकार, जय प्रकाश चिकित्सालय में संचालित मनकक्ष के माध्यम से प्रदान कराई जा रहीं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, टेलीमानस और मनहित एप सम्बन्धी जानकारी विस्तार से प्रदान कराई गई। कार्यक्रम को जय प्रकाश चिकित्सालय में चिकित्सा मनोवैज्ञानिक के पद पर कार्यरत राहुल शर्मा एवं मनोविज्ञान के इंटर्न डॉ मनोज गौर ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में आत्महत्या रोकथाम अभियान मित्रम के विषय में भी जानकारी दी गई।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ दीप्ति श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार की आत्महत्या रोकथाम रणनीति की अनुशंसा के अनुसार शीघ्र ही मनकक्ष भोपाल की सहायता से कॉलेज की छात्राओं हेतु आत्महत्या रोकथाम हेतु गेटकीपर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम को कॉलेज में आयोजित कराया जायेगा। इसके साथ साथ उन्होंने कॉलेज में टेलीमानस (टोल फ्री 24×7 नंबर 14416 एवं 18008814416) और मनहित एप को छात्राओं के बीच अधिक से अधिक प्रसारित किया जायेगा ताकि वे भावनात्मक समस्याओं की स्वयं स्क्रीनिंग कर मानसिक और भावनात्मक समस्याओं में सहायता प्राप्त कर सके।