नई दिल्ली : गुरूवार, जनवरी 30, 2025/ अमरीका में अमेरिकन एयरलाइंस के एक यात्री विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के बीच हुई टक्कर के बाद वाशिंगटन डीसी में पोटोमैक नदी से 30 शव बरामद किए गए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
यह टक्कर तब हुई जब यात्री विमान रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतर रहा था। इसमें 60 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। वहीं, हेलीकॉप्टर में तीन जवान सवार थे। टक्कर के बाद दोनों जहाज पोटोमैक नदी में जा गिरे। लगभग 300 सदस्यों का बचाव दल अब भी नदी में संभावित जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटा है। घटना की जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास हुए विमान हादसे पर दुख जताया है। राष्ट्रपति ने अपने बयान में कहा, “मुझे रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई भीषण दुर्घटना के बारे में अवगत करा दिया गया है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें। ”
इसके अलावा, उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे लोगों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद स्थिति को सामान्य करने में जुटे सभी लोगों का धन्यवाद। राष्ट्रपति ने कहा कि मैंने पूरी स्थिति पर नजर बनाकर रखी है, जैसे ही मुझे इस संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी मिलेगी, तो मैं निश्चित तौर पर उसे आपके बीच साझा करूंगा।




