नई दिल्ली : शनिवार, जनवरी 25, 2025/ भारतीय रिजर्व बैंक ने जम्मू एंड कश्मीर बैंक, कैनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया पर मौद्रिक जुर्माना लगाया है। नियमों का अनुपालन नहीं करने पर जम्मू एंड कश्मीर बैंक पर तीन करोड 31 लाख रूपये, कैनरा बैंक पर एक करोड 60 लाख 60 हजार रूपये और बैंक ऑफ इंडिया पर एक करोड रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
आरबीआई ने कहा, जम्मू-कश्मीर बैंक पर वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच, केवाईसी और ऋण-अग्रिम से जुड़े मानदंडों के उल्लंघन के लिए 3.31 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बैंक ऑफ इंडिया पर बैंकिंग विनियमन अधिनियम-1949 के कुछ प्रावधानों का पालन नहीं करने के लिए एक करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। केनरा बैंक पर प्राथमिकता क्षेत्र ऋण, जमा पर ब्याज दर और वित्तीय समावेशन से जुड़े कुछ निर्देशों का पालन नहीं करने के लिए 1.63 करोड़ जुर्माना लगाया गया है। इनके अलावा, वित्तीय सेवाओं की आउटसोर्सिंग में जोखिम प्रबंधन और आचार संहिता पर निर्देश नहीं मानने पर डेटसन एक्सपोर्ट्स पश्चिम बंगाल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आरबीआई द्वारा लगाए गए इन जुर्मानों का बैंकों के ग्राहकों पर कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसका मतलब है कि बैंकिंग सेवाओं में कोई बदलाव नहीं होगा और ग्राहक अपने रोजमर्रा के बैंकिंग कार्य बिना किसी परेशानी के जारी रख सकते हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) समय-समय पर बैंकों की गतिविधियों पर नजर रखता है। यदि कोई बैंक नियमों और दिशानिर्देशों का पालन नहीं करता, तो आरबीआई उन पर जुर्माना लगाकर उन्हें सुधार करने का मौका देता है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बैंकिंग सिस्टम में पारदर्शिता बनी रहे और ग्राहकों के पैसे की सुरक्षा बनी रहे।




