नई दिल्ली : शुक्रवार, जनवरी 24, 2025/ बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने प्रयागराज में महाकुंभ में संन्यास की दीक्षा ले ली है। एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी संन्यासी बन गई हैं। कल उनका पट्टाभिषेक किया गया और वह साध्वी के रूप में दिखाई दी। गले में रुद्राक्ष, कंधे पर झोला टांगे वह भगवा रंग पहने किन्नर अखाड़े में नजर आईं। इस दौरान किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महाराज और जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर स्वामी जय अम्बानंद गिरी मौजूद रहीं। उन्होंने अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से उनका आशीर्वाद लिया। ममता कुलकर्णी को अब माई ममता नंद गिरी के नाम से जाना जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ममता को गले में रुद्राक्ष की माला और भगवा वस्त्र पहने हुए देखा गया। इस दौरान वह अपने संन्यासी मित्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आईं। एक इंटरव्यू में ममता ने अपने जीवन की यात्रा और बॉलीवुड से दूरी बनाने के पीछे के कारण साझा किए। उन्होंने बताया, “1996 में मुझे आध्यात्मिकता की ओर झुकाव हुआ। गुरु गगन गिरी महाराज से मिलने के बाद मेरा ध्यान साधना की ओर बढ़ गया। मैंने 2000 से 2012 तक तपस्या की और 12 साल तक ब्रह्मचर्य का पालन किया। इस दौरान मैं दुबई में एक छोटे से फ्लैट में रहीं।”
ममता कुलकर्णी हिंदी सिनेमा में कई सुपरस्टार्स संग काम कर चुकी हैं, जिसमें ‘छुपा रुस्तम’, ‘सेंसर’, ‘जाने-जिगर’, ‘चाइना गेट’, ‘किला’, ‘क्रांतिकारी’, ‘जीवन युद्ध’, ‘नसीब’, ‘बेकाबू’, ‘बाजी’, ‘करन अर्जुन’, ‘तिरंगा’ जैसी फिल्में शामिल हैं, जिसमें उन्होंने बतौर लीड काम किया। अब ममता कुलकर्णी ने ग्लैमर की चकाचौंध को छोड़कर धर्म के रास्ते पर चलने का फैसला किया है। ममता कुलकर्णी पिछले कई सालों से भारत से बाहर थीं जो 25 साल बाद विदेश से लौटी हैं।




