इंदौर : सोमवार, दिसम्बर 30, 2024/ नव आदर्श विद्या निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, केलोद हाला, इंदौर द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सहायतार्थ सशस्त्र सेना झण्डा निधि में एक लाख 11 हजार रुपये की सहयोग राशि का योगदान दिया है। यह दान राशि जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चंद्र मालवीय (से. नि.) को आज रविन्द्र नाट्य गृह में आयोजित स्कूल के वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भेंट स्वरुप प्रदान की गई।
कमांडर नगेश चंद्र मालवीय ने बताया कि सशस्त्र सेना झण्डा निधि के राशि का उपयोग भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण एवं पुनर्वास के लिये किया जाता हैं। इस सराहनीय योगदान के लिये जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने स्कूल के सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वार्षिक कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने इस राशि का पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनायों में उपयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र -छात्राओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित भी किया तथा तीनों सेनाओ में भर्ती होने की अलग-अलग प्रकार एवं योजनायों की जानकारी भी दी। इस दौरान जानकारी दी गई कि एक लाख रूपये से अधिक की धनराशि का योगदान देने पर आगामी वर्ष में राज भवन में आयोजित होने वाले समारोह में राज्यपाल द्वारा संस्था को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा।




