नई दिल्ली : शनिवार, मई 16, 2026/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री महामहिम रॉब जेटन की उपस्थिति में आज गुजरात के धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब को सहयोग प्रदान करने के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने गुजरात में भारत के पहले फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब के लिए टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एएसएमएल द्वारा साथ मिलकर काम करने के निर्णय का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस साझेदारी को देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम विकसित करने की भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
एएसएमएल एक डच बहुराष्ट्रीय कंपनी है और यह हाई-प्रिसिजन लिथोग्राफी इक्विपमेंट के प्रमुख सप्लायर्स में से एक है, जो सेमीकंडक्टर चिप्स के निर्माण में एक अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। टाटा समूह की सहायक कंपनी, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, एक भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण कंपनी है जो गुजरात में एक सेमीकंडक्टर निर्माण फैसिलिटी स्थापित कर रही है।




