केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित किए

नई दिल्ली : बुधवार, मई 13, 2026/ केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने आज कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। छात्र रोल नंबर डालकर आधिकारिक वेबसाइट, DigiLocker और उमंग ऐप पर अपना परिणाम देख सकते हैं। इस वर्ष सी.बी.एस.ई. की कक्षा 12वीं की विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी विषयों की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित की गईं थी।

बोर्ड के अनुसार, विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की सफलता दर 90 प्रतिशत से अधिक रही, जो समावेशी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। सीबीएसई द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 12वीं की परीक्षा में कुल 6397 विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 6342 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 5718 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार इन विद्यार्थियों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 90.16 रहा। बोर्ड ने इसे सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि मेहनत का नतीजा विद्यार्थियों के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है।

वहीं, कम्पार्टमेंट श्रेणी में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि भी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में 1 लाख 29 हजार 095 विद्यार्थियों की कम्पार्टमेंट आई थी। यह कुल परीक्षार्थियों का 7.63 प्रतिशत था। वहीं, इस वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 1 लाख 63 हजार 800 हो गई। यह आंकड़ा कुल छात्रों का 9.26 प्रतिशत हो गया है। शिक्षा विशेषज्ञ इसे परीक्षा के बढ़ते प्रतिस्पर्धी स्तर और मूल्यांकन प्रक्रिया की सख्ती से जोड़कर देख रहे हैं।

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal