नई दिल्ली : शनिवार, मई 9, 2026/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी को आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी ने जनता से गहरे जुड़ाव रखने वाले और उनकी आकांक्षाओं को करीब से समझने वाले नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दी।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निसीथ प्रमाणिक को भी बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन नेताओं ने जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया है और जनता की सेवा की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री बनने पर वे पश्चिम बंगाल के विकास पथ को आगे बढ़ाएंगे और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा;सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने जनता से गहराई से जुड़े रहकर और उनकी आकांक्षाओं को करीब से समझते हुए एक उत्कृष्ट नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बंगाल आज एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है, जहां उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नई लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का संगम हो रहा है। बंगाल ने देश को कई महान चिंतक, समाज सुधारक, लेखक, कलाकार और राष्ट्रवादी नेता दिए हैं, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव मजबूत की। उन्होंने ‘सोनार बांग्ला’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल की जनता की उम्मीदों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के साथ ही आज से सुशासन, सुरक्षा और विकास के एक नवयुग का शुभारंभ हो गया है। पश्चिम बंगाल अब सच्चे अर्थो में ‘आमार सोनार बांग्ला’ बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी के नेतृत्व में यह राज्य अब अपने पुराने गौरव और वैभव को प्राप्त कर समग्र विकास, निवेश, सुशासन एवं जनकल्याण के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में हुए पश्चिम बंगाल की नवगठित राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अन्य वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्रीगण, एनडीए शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रीगण एवं अतिविशिष्ट जनों की गरिमामय उपस्थिति में हुए नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में सुवेन्दु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने सुवेन्दु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद एवं नई सरकार के पांच अन्य मंत्रीगण को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी को लोक कल्याण के इस नए दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए समर्पित मैदानी कार्यकर्ताओं एवं राज्य की जागरूक जनता को भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज कोलकाता में पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी से भेंट कर उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा दिया गया यह ऐतिहासिक जनादेश प्रदेश में विकास, सुशासन, सुरक्षा एवं राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति जनता के अटूट विश्वास को नई मजबूती देगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर होगा और राज्य प्रगति एवं समृद्धि के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण का एक नया अध्याय प्रारंभ किया है। पश्चिम बंगाल में नवगठित मंत्रिमंडल प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास को नई गति प्रदान करेगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए पश्चिम बंगाल को प्रगति, समृद्धि और सुशासन के नए शिखरों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने सभी मंत्रियों के सफल, जनहितैषी एवं उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं करते हुए आशा व्यक्त की कि नई सरकार प्रदेश में शांति, सुरक्षा एवं विकास को और अधिक मजबूत बनाएगी।
बता दें कि कोलकाता में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी को गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा नेताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सुवेंदु अधिकारी के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही राज्य में पहली बार किसी दक्षिणपंथी दल की सरकार बनी है।




