भोपाल : रविवार, मई 3, 2026/ भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने बताया कि भोपाल नगर द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत 16 एवं 17 मई को सन स्काई गार्डन सीहोर रोड में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर रविवार को प्रशिक्षण स्थल का दौरा एवं स्थल पर ही महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी एवं नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चैहान ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग संगठन की रीढ़ को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक दक्षता का विकास होगा। उन्होंने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग की प्रत्येक व्यवस्था को सूक्ष्मता के साथ अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने सभी टोली सदस्यों से समन्वय बनाकर कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री मुकेश राय, प्रदीप शेखावत सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रशिक्षण अभियान टोली के संयोजक एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।




