भोपाल : गुरूवार, अप्रैल 30, 2026/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जनजाति मोर्चा की कामकाजी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दल जनजातीय समाज को मूल संस्कृति से भटकाने का कार्य करते हैं। जनजातीय समाज इतना अच्छा है कि कभी भी अपने लिए कुछ नहीं मांगता। इस समाज के लोग राष्ट्र और समाज के उत्थान और तरक्की के लिए कार्य करते हैं। मोर्चा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महती भूमिका निभा रहे हैं। मोर्चा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियां व संगठन के कार्याें को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने अनुसूचित जनजाति आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष रामलाल रौतेल, सदस्य भगत सिंह नेताम एवं मंगल सिंह धुर्वे का पदभार ग्रहण करने के पूर्व अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। बैठक को मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, मोर्चाें के प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा एवं मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पंकज टेकाम ने संबोधित कर मोर्चा के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता जनजातीय समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी संगठन से जोड़ने के लिए कार्य करें। पार्टी पदाधिकारी समाज के लोगों के साथ बैठें और उन्हें बताएं कि प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के लिए कई उल्लेखनीय कार्य कर रही है। जनताजीय समाज अपनी मेहनत पर भरोसा करता है और समाज के लोग कभी भी कोई पद नहीं मांगते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जनजातीय समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की दिशा में कई प्रभावी योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह सुनिश्चित करना बहुत महत्वपूर्ण है कि हर जनजातीय परिवार तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं को जनजातीय समाज के बीच इन योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलानी होगी, ताकि हर जिले, हर गांव तक भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों का संदेश पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों का उद्देश्य है कि जनजातीय समाज के हर युवा को अपने कौशल और शिक्षा के जरिए आत्मनिर्भर बनाया जाए। इसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा जनजातीय समाज की आवाज बनकर विकास कार्यों को और प्रभावी बनाएगा।
बैठक के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह एवं वीरेन्द्र बघेल मंचासीन रहे। बैठक में मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।




