भोपाल : रविवार, अप्रैल 12, 2026/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत बैतूल जिले के बैतूल विधानसभा के सभी छह मंडलों के संयुक्त प्रशिक्षण वर्ग की प्रदर्शनी का उद्घाटन कर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति प्रशिक्षित व समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। कार्यकर्ताओं की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा, अनुशासन और सेवा भाव ही संगठन को मजबूत बनाते हैं। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को गढ़ने का कार्य करता है तथा सभी को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच की कड़ी है। प्रशिक्षण वर्ग को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के तहत अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का जीवन संवारने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान देने का कार्य कर रहे हैं। उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को घरेलू गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। आयुष्मान योजना के तहत गरीबों और 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों को पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की गारंटी प्रदान करने के साथ गांव-गांव तक पक्की सड़कों के लिए पीएम ग्रामीण सड़क योजना चला रहे हैं। इन योजनाओं के अलावा कई अन्य योजनाओं के जरिए प्रधानमंत्री गरीबों के आर्थिक सशक्तिकरण का कार्य कर रहे हैं। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, वर्मा व बांग्लादेश में बड़े आंदोलन हुए और सरकारों को स्थिति नियंत्रण करने में बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन पूरा भारतएक साथ खड़ा है, तो उसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री जी ने देश में अमीरी-गरीबी की खाई को पाटने का कार्य किया है, यही वजह है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में समूचा देश पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं है। आजादी के आंदोलन में देश के सभी विचारधारा के दल शामिल थे। आजादी के आंदोलन से देश की जनता को जोड़ने के लिए एक प्लेटफार्म की आवश्यकता थी, जिसके लिए कांग्रेस का उपयोग किया। कांग्रेस का गठन अंग्रेजों ने किया था। आजादी के बाद महात्मा गांधी ने कहा था कि अब कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए, लेकिन कांग्रेस पार्टी और जवाहरलाल नेहरू ने निजी स्वार्थों के लिए कांग्रेस पार्टी को समाप्त नहीं किया। जवाहारलाल नेहरू और कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस का उपयोग सत्ता प्राप्ति के लिए किया। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता अपनी विचारधारा को और मजबूत करने के लिए कार्य करें। आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य, युवाओं को रोजगार देने वाला भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ को और मजबूती देने का कार्य करें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं। राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करने के लिए यह प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य करता है। भाजपा कार्यकर्ता अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के कारण ही सफल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तीन करोड़ लखपति दीदियां बन चुकी भाजपा की सरकारें गरीबों और आवश्यकतानुसार वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाती हैं, ताकि समाज का कोई भी वर्ग और कोई भी परिवार पीछे न रहे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें और उन्हें भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का कर्तव्य निभाए। यही रास्ता हमें राष्ट्र की सेवा में और अधिक समर्पण से काम करने की प्रेरणा देता है। प्रशिक्षण वर्ग हर कार्यकर्ता के कौशल को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों को समझते हुए अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। पार्टी कार्यकर्ता जल, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता के लिए कार्य करें। कार्यकर्ता देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देने के साथ समाज को इन कार्यों के लिए जागरूक करने का कार्य करें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 1952 में जनसंघ के स्थापना दिवस से लेकर आज तक कभी भी अपनी विचारधारा से समझौता नहीं किया। वर्ष 1952 में जनसंघ की स्थापना के समय जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण सहित जो लक्ष्य तय किए गए थे, उनमें आज तक कोई समझौता नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भी निर्माण हो गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीन तलाक के खिलाफ भी सख्त कानून बनाया जा चुका है। भारत में दो ही दल हैं, जिनकी अपनी स्पष्ट विचारधारा है। पहला दल है भाजपा, दूसरा कम्युनिस्ट।
कम्युनिस्ट अपनी नीतियों के कारण आज केरल को छोड़कर देश के किसी भी राज्य में नहीं है। भाजपा अपनी विचारधारा के कारण देश भर में जनता की सेवा कर रही है। इतना ही नहीं विचारधारा और विशिष्ट कार्यपद्धति के कारण भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, पूर्व जिला अध्यक्ष शिव प्रसाद राठौड़, जितेन्द्र वर्मा एवं बसंत बाबा माकोड़े व जिला महामंत्री कमलेश सिंह मंचासीन रहे। मंच का संचालन जिला उपाध्यक्ष रश्मि साहू ने किया।




