एआईसीसी मीडिया विभाग टैलेंट हंट प्रोग्राम के तहत मध्यप्रदेश में टैलेंट हंट इंटरव्यू 24 मार्च से प्रारंभ

भोपाल : शनिवार, मार्च 21, 2026/ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग द्वारा संचालित टैलेंट हंट प्रोग्राम के अंतर्गत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में टैलेंट हंट के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा हेतु इंटरव्यू कार्यक्रम आगामी 24 मार्च से प्रारंभ किए जा रहे हैं।

यह इंटरव्यू कार्यक्रम प्रदेश के 5 प्रमुख जोन — भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा एवं इंदौर में आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण के अंतर्गत इंटरव्यू कार्यक्रम इस प्रकार होंगे: 24 मार्च — ग्वालियर मुख्यालय पर प्रातः 10:00 बजे से, जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, ग्वालियर में ग्वालियर-चंबल संभाग के आवेदकों की साक्षात्कार होंगे। 25 मार्च — भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से भोपाल संभाग के साक्षात्कार होंगे। 26 मार्च — नर्मदापुरम एवं सागर संभाग के शेष साक्षात्कार भोपाल कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। द्वितीय चरण में रीवा एवं जबलपुर मुख्यालय पर आयोजित होने वाले साक्षात्कारों की तिथियां शीघ्र घोषित की जाएंगी।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष आदरणीय मुकेश नायक ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रारंभ किए गए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के माध्यम से विचारशील, ऊर्जावान एवं ओजस्वी वक्ताओं, शोधकर्ताओं तथा पब्लिसिटी से जुड़े प्रतिभाशाली युवाओं की खोज की जा रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी संख्या में सार्थक एवं गुणवत्तापूर्ण आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रक्रिया के पश्चात मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं एआईसीसी को अत्यंत प्रतिभाशाली प्रवक्ता एवं मीडिया से जुड़े दक्ष कार्यकर्ता प्राप्त होंगे। नायक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग लेने का आग्रह किया।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal