केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को किसान कल्याण वर्ष की दी जानकारी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

नई दिल्ली : शनिवार, फरवरी 28, 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को मध्यप्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष और विक्रमोत्सव को लेकर जानकारी दी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर किसान कल्याण वर्ष व विक्रमोत्सव को लेकर विस्तार से जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि किसानों के कल्याण व उनकी आय बढ़ाने के लिए अलग-अलग सत्रह विभागों के साथ जुड़कर एक समन्वित कार्य योजना बनाकर किसानों का कल्याण किया जाएगा। किसान कल्याण वर्ष में हम किसानों और आदिवासियों के सम्मान में इसी महीने बड़वानी में पहली कृषि कैबिनेट की बैठक करने जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति को देश और दुनियाभर में पहचान दिलाने वाले सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित विक्रमोत्सव का आयोजन पूरे प्रदेशभर में किया जाएगा। इस संबंध में मैने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को विस्तार से जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 40 साल पहले कांग्रेस शासनकाल में भोपाल में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री में गैस लीक कांड हुआ था। इस गैस त्रासदी में भोपाल के हजारों लोगों की जान चली गई थी। कांग्रेस गैस त्रासदी के बाद वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन यूनियन कार्बाइड के कचरे के निष्पादन को लेकर कुछ नहीं किया। पिछले साल हमारी सरकार ने उस कचरे का निस्तारण कराया है। फैक्ट्री के स्थान पर स्मारक बनाया जाएगा। इस दिशा में एक बड़ा प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, राजा भोज के विज्ञान परंपरा के आधार पर राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थान बनाने का विचार किया जा रहा है। हमारी सरकार ने मध्यप्रदेश की धरती को नक्सलवाद से मुक्त कराया है। मध्यप्रदेश में नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह से विराम लग चुका है। लंबे समय तक नक्सलवाद का दंश झेलने वाले बालाघाट में बैगा महोत्सव का बड़ा आयोजन किया जाए, नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्र में समग्र विकास जैसे विषयों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर मध्यप्रदेश की यात्रा पर आने, बाबा महाकाल के दर्शन करने और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं एवं मध्यप्रदेश की प्रगति को देखने के लिए निमंत्रण दिया है। मध्यप्रदेश संगठन आधारित प्रदेश है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भी राष्ट्रपति को मध्यप्रदेश के प्रवास के लिए निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत कार्य कर रहे हैं। सर्वाइकल कैंसर की संभावनाओं पर विराम लगाने के लिए 15 साल से बड़ी लेकिन 16 साल से कम उम्र की करीब आठ लाख से ज्यादा बेटियों को टीका लगाने का ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार को 7800 के करीब टीके मिले हैं। बेटियों को लगने वाला यह टीका निःशुल्क लगाया जाएगा जो वरदान साबित होगा। मैंने आज स्वयं लाइव प्रसारण के माध्यम से मध्यप्रदेश में इस कार्यक्रम में सहभागिता की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि होली के आठ दिन पूर्व से हमारे प्रदेश के आदिवासी अंचल में भगोरिया पर्व मनाया जाता है। मैं शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली अलीराजपुर में भगोरिया पर्व में शामिल हुआ हूं। हमारी सरकार ने भगोरिया के गौरव को और बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर एक बड़ा कार्यक्रम राज्य में होने वाला है। मुझे इस बात का गर्व है कि मध्यप्रदेश सोयाबीन उत्पादन में नंबर एक राज्य है। मध्यप्रदेश गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे नंबर पर है। हमारा प्रदेश दलहन में सबसे आगे है। तिलहन में भी सबसे नंबर वन हम हैं। मूंगफली, सोयाबीन सबसे ज्यादा कहीं होती है तो हमारे प्रदेश में होती है। फूड प्रोसेसिंग में भी हम तेजी से कार्य कर रहे हैं। मध्यप्रदेश ऑर्गेनिक खेती को लेकर भी कार्य कर रहा है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal