भोपाल : बुधवार, फरवरी 18, 2026/ एम्स भोपाल में बाल रोग विभाग द्वारा 17 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस मनाया। कार्यक्रम का आयोजन डीन (अकादमिक) प्रो. रजनीश जोशी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों एवं बाल कैंसर सर्वाइवर्स द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद बाल कैंसर के प्रति समर्थन के लिए शपथ अभियान प्रारंभ किया गया, जिसमें चिकित्सकों, नर्सों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। बाल रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शिखा मलिक ने अतिथियों का स्वागत किया और एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ, प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर के नेतृत्व में बच्चों के लिए उपलब्ध उपचार सेवाओं की जानकारी दी।
बाल रक्त एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि पिछले सात वर्षों में विभाग की बाल ऑन्कोलॉजी क्लिनिक में लगभग 1250 बच्चों का पंजीकरण हुआ है। वर्तमान में लगभग 300 बच्चे दीर्घकालीन उपचार ले रहे हैं और 200 से अधिक बच्चों ने उपचार पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि धार्मिक या वैकल्पिक उपचार से जुड़ी भ्रांतियों के कारण कई मरीज उपचार लेने से इंकार कर देते हैं या बीच में ही इलाज छोड़ देते हैं। यह एक बड़ी चुनौती है, जिसे दूर करना आवश्यक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने वर्ष 2030 तक बाल कैंसर में जीवित रहने की दर को 60 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है|
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए भी अपनी पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बच्चों – आयुषी साहू, करण बैसारे और राज बाल्मीकि – को सम्मानित किया गया।




