भोपाल : रविवार, दिसम्बर 21, 2025/ प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी के विवाह को लेकर हाल ही में उठे विवाद के बीच उनकी पत्नी शिखा जोशी मीडिया के सामने आईं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर स्वयं को दीपक जोशी की वैधानिक पत्नी बताते हुए पूरे प्रकरण को साजिश करार दिया है। शिखा जोशी ने अपने बयान में कांग्रेस नेत्री डॉ. पल्लवी सक्सेना और नम्रता जोशी के बीच गहरी मित्रता होने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विरोधियों के साथ मिलकर उनके और उनके पति के खिलाफ भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम मीडिया के माध्यम से अनावश्यक चर्चा और “न्यूसेंस” पैदा करने के उद्देश्य से रचा गया है।
शिखा जोशी के अनुसार, उनकी राजनीतिक सक्रियता से कुछ लोग असहज हैं और इसी कारण उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भाजपा समर्थक परिवार से आती हैं और विवाह के बाद जिस परिवार से जुड़ी हैं, वह भी एक प्रतिष्ठित राजनीतिक पृष्ठभूमि वाला परिवार है, जिसे न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देशभर में जाना जाता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि लगभग छह माह पूर्व जब उन्होंने और दीपक जोशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से अपनी शादी की जानकारी साझा की थी, तब डॉ. पल्लवी सक्सेना ने उन्हें फेसबुक मैसेंजर के जरिए बधाई भी दी थी। शिखा जोशी ने सवाल उठाया कि यदि उस समय उनके वैवाहिक संबंधों की जानकारी थी, तो अब इस प्रकार के आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं।
शिखा जोशी ने यह भी कहा कि वर्ष 2023 से पहले दीपक जोशी के निजी जीवन को लेकर इस तरह की कोई खबर सामने नहीं आई थी। उनके अनुसार, कांग्रेस से भाजपा में वापसी के बाद ही इस प्रकार के विवाद सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल में भोपाल से लेकर दिल्ली तक शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कदम भी उठाएंगी। शिखा जोशी ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और धोखाधड़ी करार देते हुए कहा कि उन्हें और उनके पति को बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरा षड्यंत्र रचा गया है।
शिखा जोशी द्वारा जारी किए गए फोटो और वीडियो में दीपक जोशी उनके साथ विभिन्न अवसरों पर नजर आ रहे हैं। इनमें बॉलीवुड गीतों पर बनाई गई रील्स के साथ-साथ जन्मदिन और विवाह दिवस के कार्यक्रमों की तस्वीरें भी शामिल हैं। शिखा जोशी के इन दावों के बाद यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
शिखा जोशी ने दावा किया है कि उनके पास नम्रता जोशी और कांग्रेस नेत्री डॉ. पल्लवी सक्सेना की आपसी मित्रता से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं, जिन्हें उन्होंने मीडिया के साथ साझा किया है। शिखा जोशी का आरोप है कि इन तस्वीरों और वीडियो से दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध स्पष्ट होते हैं और इसी के आधार पर उन्होंने दावा किया कि उनके तथा उनके पति के खिलाफ एक सोची-समझी रणनीति के तहत भ्रम फैलाया गया। उनके अनुसार, यह पूरा मामला योजनाबद्ध तरीके से “ड्रामा” खड़ा करने और झूठी जानकारी प्रसारित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह आरोप केवल उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। शिखा जोशी ने यह भी कहा कि वे इस प्रकरण में आगे चलकर तथ्यों और सबूतों के साथ विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेंगी।




