नई दिल्ली : सोमवार, नवम्बर 24, 2025/ वरिष्ठ अभिनेता और पद्म भूषण से सम्मानित धर्मेंद्र का आज सुबह मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। 89 वर्षीय धर्मेंद्र स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और इस महीने के शुरु में उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निर्देशक-निर्माता करण जौहर ने धर्मेंद्र को एक बड़ा मेगा स्टार, अतुलनीय रूप से आकर्षक और अत्यन्त रहस्यमयी स्क्रीन प्रेज़ेंस वाला हीरो बताते हुए, कहा कि धर्मेंद्र को न केवल भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज के रूप में, बल्कि एक बेहतरीन इंसान के रूप में भी याद किया जाएगा। बॉलीवुड के ही-मैन के नाम से मशहूर, धर्मेंद्र अपने पीछे छह दशकों से भी ज़्यादा की बेजोड़ विरासत छोड़ गए हैं। धर्मेंद्र ने 1960 में अपने करियर की शुरुआत की और अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण जल्द ही सुपरस्टार बन गए। उनके करियर में 300 से ज़्यादा फ़िल्में शामिल हैं, जिनमें से कई आज भी क्लासिक मानी जाती हैं।
उनके कुछ सबसे यादगार भूमिकाओं में समर्पित और भावपूर्ण फिल्म शोले में वीरू की प्रतिष्ठित भूमिका के अलावा फूल और पत्थर, सीता और गीता, चुपके चुपके, धरम वीर और प्रतिज्ञा में यादगार अभिनय शामिल हैं। उन्हें आखिरी बार 2024 में आई फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया, में देखा गया था, जिसमें शाहिद कपूर और कृति सनोन मुख्य भूमिकाओं में थे। उन्होंने ब्लॉकबस्टर रोमांटिक-कॉमेडी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी अभिनय किया था, जिसके लिए उन्हें प्रशंसकों और आलोचकों से प्रशंसा मिली थी। उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस होगी, जिसका पोस्टर आज अभिनेता के निधन से कुछ घंटे पहले जारी किया गया था।
धर्मेंद्र का सबसे लंबा सहयोग 1960 से 1991 तक निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी के साथ था। 1960 में उनकी पहली फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से लेकर, उन्होंने कहानी किस्मत की, कौन करे कुर्बानी, सल्तनत और करिश्मा कुदरत का में एक साथ काम किया। इस बीच, हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने 1970 की फिल्म तुम हसीन मैं जवां में सह-कलाकार के रूप में अपनी पहली उपस्थिति दर्ज की। तब से, इस जोड़ी को सीता और गीता, शोले, अलीबाबा और 40 चोर, ड्रीम गर्ल और दोस्त जैसी फिल्मों में एक साथ देखा गया।
8 दिसंबर 1935 को लुधियाना में केवल कृष्ण देओल के रूप में जन्मे, धर्मेंद्र ने 2004 से 2009 तक राजस्थान के बीकानेर का प्रतिनिधित्व करते हुए भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकसभा के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। धर्मेंद्र के उल्लेखनीय पुरस्कारों में 1997 का फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड और 1990 में बनी फिल्म घायल के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार शामिल है। उन्हें 2007 में अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी से लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार और 2005 में ज़ी सिने अवार्ड्स से भी सम्मानित किया गया था। धर्मेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी, अभिनेत्री हेमा मालिनी और पहली पत्नी प्रकाश कौर शामिल हैं। उनकी 6 संतानों में दो पुत्र सनी देओल और बॉबी देओल तथा 4 पुत्रियां अजीता, विजेता, ईशा देओल और अहाना देओल शामिल हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरिष्ठ अभिनेता और पद्म भूषण से सम्मानित धर्मेंद्र की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि जाने-माने फिल्म अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेंद्र का जाना भारतीय सिनेमा के लिए अपूर्णीय क्षति है। धर्मेंद्र को सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि कला जगत में दशकों के योगदान में उन्होंने कई एतिहासिक भूमिकाएं निभाई। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा के विराट व्यक्तित्व के रूप में धर्मेंद्र ने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जो कलाकारों की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि लाखों लोगों के प्रिय प्रतीक, धर्मेंद्र ने अपने उल्लेखनीय अभिनय और कला के प्रति अटूट समर्पण से भारतीय सिनेमा के कैनवास को समृद्ध किया। उन्होंने कहा कि इस दिग्गज अभिनेता ने एक ऐसी कालातीत विरासत छोड़ी है जो हमारे फिल्म उद्योग में सबसे प्रशंसित हस्तियों में से एक के रूप में कलाकारों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा में एक अपूर्णीय क्षति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक ऐसी फिल्म हस्ती और एक असाधारण अभिनेता थे जिन्होंने हर भूमिका में गहराई भरी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस तरह उन्होंने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं उन्होंने अनगिनत लोगों के दिलों पर छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अभिनेता अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी लोगों के बीच लोकप्रिय थे। प्रधानमंत्री ने दिवंगत अभिनेता के परिवार, मित्रों और असीमित प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिग्गज अभिनेता और पद्म भूषण से सम्मानित धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, गृहमंत्री शाह ने कहा कि दिग्गज अभिनेता ने अपने बेहतरीन अभिनय से छह दशकों तक हर नागरिक के दिलों को छुआ और उनके निधन को भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। शाह ने आगे कहा कि एक साधारण परिवार से आने वाले अभिनेता ने फिल्म उद्योग में अपनी अमिट पहचान बनाई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिग्गज अभिनेता ने अपने बेजोड़ आकर्षण और ईमानदारी से कई यादगार किरदारों का निर्वाह किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में धर्मेंद्र के विशिष्ट योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सिनेमा जगत हमेशा धर्मेंद्र की विरासत को संजोए रखेगा। उन्होंने आगे कहा कि शोले के वीर नायक और सत्यकाम के भावपूर्ण कवि जैसे कालातीत किरदारों के माध्यम से, उन्होंने हमें वीरता और करुणा का संदेश दिया।




