प्रधानमंत्री के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में हर नागरिक के मन की बात होती है – हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल : रविवार, अक्टूबर 26, 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के करूणाधाम मंडल के वार्ड-27 के बूथ क्रमांक 48, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रायसेन जिले की सांची विधानसभा के सलामतपुर मंडल के ग्राम खोह में बूथ क्रमांक-7 एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बिहार की दरभंगा विधानसभा के प्रधान कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आमजन के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने लोगों के घरों में स्टीकर चिपकाकर स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई और कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दृष्टिकोण और कार्यों से देश में सकारात्मक ऊर्जा की धारा को प्रवाह किया है। प्रधानमंत्री ने ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम में देश के सभी क्षेत्रों को जोड़कर प्रेरक प्रसंगों से हम सभी को प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। आप सभी 01 से 03 नवंबर तक भोपाल में आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में सहभागी बनें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम में हर नागरिक के ‘मन की बात’ होती है। मध्यप्रदेश में सितंबर माह में 82 प्रतिशत बूथों में ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम को सुना गया था। भाजपा मध्यप्रदेश में ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को 100 प्रतिशत बूथों पर सुनने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम में भारत के सभी क्षेत्रों की बातों का उल्लेख होता है, जिससे लघु भारत का दर्शन हो जाता है। मन की बात से हम सभी देशवासियों को पता चलता है कि आने वाले समय में हमें किन बातों से प्रेरणा लेनी चाहिए, उनमें हमारी क्या भूमिका होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने आज खेलने वाले बच्चों द्वारा देव भाषा संस्कृति के माध्यम से अपने भाव को अभिव्यक्त करने की बात का उल्लेख किया है। भारत की कॉफी जैसे उत्पाद का भी जिक्र किया है। इसके साथ ही आने वाले नवंबर माह में वंदे मातरम के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाकर उनके योगदान को याद करना है और उसे लोगों तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे त्योहार और विरासत समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। प्रधानमंत्री ने पूर्वांचल के सबसे बड़े पर्व छठ पर्व का जिक्र किया है। यह पर्व हम सभी को अपनी सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देने के साथ एकजुटता का भाव पैदा कराते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी को छठ पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें सनातन से जोड़ने के साथ संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणा देता है। देश के पहले उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती 11 नवंबर को गुजरात के केवड़िया में मनाई जाएगी, जिसमें मध्यप्रदेश के युवा भी शामिल होंगे। मैं भी उस कार्यक्रम में जाने वाला हूं। केवड़िया को जिस प्रकार से एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है, वह वाकई अनुकरणीय है। प्रधानमंत्री ने केवड़िया के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ पर्यटन और रोजगार से भी जोड़ने का अद्भुत कार्य किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस समारोह 01 से 03 नवंबर तक भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित किया जा रहा है। 02 और 03 नवंबर को सम्राट विक्रमादित्य के महानाट्य का मंचन किया जाएगा। सम्राट विक्रमादित्य ने दो हजार साल पहले अखंड भारत के राज्यों को स्वतंत्र कराकर कुशल शासक का परिचय दिया था, जो आज भी सुशासन के लिए सर्वोच्च प्रतिमान माना जाता है। आप सभी लोग अपने प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में सहभागी बनेंं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि आज मैं ऐसे गांव व क्षेत्र में आया हूं, जहां जनसंघ के जमाने से हमारी विचारधारा और पार्टी बहुत मजबूत स्थिति में रही है। आज भी भाजपा संगठन मध्यप्रदेश में बहुत मजबूत स्थिति में है। संगठन की मजबूती का पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। भाजपा में हम किसी भी पद पर रहें, लेकिन हमारे अंदर कार्यकर्ता भाव हमेशा जाग्रत रहना चाहिए। पार्टी में दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता भाव रहता है, तो हम संगठन को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में ऐसे सभी विषयों पर बात करते हैं, जो आम लोगों से जुड़ी होती हैं। प्रधानमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का जिक्र किया है। मैं समझता हूं कि मन की बात कार्यक्रम में देश के हर नागरिक के ‘मन की बात‘ हो जाती है। मध्यप्रदेश में ‘मन की बात‘ कार्यक्रम बहुत प्रभावी ढंग से सुना जा रहा है। इस वर्ष सितंबर माह में मध्यप्रदेश के 82 प्रतिशत बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुना गया, जो देश के बड़े राज्यों में सबसे अधिक है। इस कार्यक्रम को भाजपा संगठन 100 प्रतिशत बूथ तक ले जाने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद देश और मध्यप्रदेश में लगभग 50 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस पार्टी ने कभी गरीबों के हक और भलाई के लिए कार्य नहीं किया। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सिर्फ वोटों की राजनीति करते रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीबों के साथ सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री गरीबों के कल्याण को ध्यान में रखकर जनहितैषी योजनाएं बनाकर लोगों की गरीबी दूर कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश में औद्योगीकरण करके लोगों को रोजगार देने का कार्य कर रही है। उद्योगों की स्थापना से जहां मध्यप्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, वहीं लोगों की आय में वृद्धि होगी और मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम सुनने के बाद लोगों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। साथ ही भोपाल की दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के करूणाधाम मंडल, वार्ड-27 के बूथ क्रमांक 48 में घरों की दीवारों पर आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत स्वदेशी के स्टीकर चिपकाये और लोगों से दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी का उपयोग करने से गांव, किसान तथा स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा मिलेगा और भारत आत्मनिर्भर बनेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने रायसेन जिले की सांची विधानसभा के सलामतपुर मंडल के ग्राम खोह में ‘मन की बात‘ कार्यक्रम सुनने के बाद लोगों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। तत्पश्चात घरों और दुकानों पर स्वदेशी अपनाने के स्टीकर चिपकाकर लोगों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, मंडल अध्यक्ष मुकेश दिहाड़े, बूथ अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह सिसोदिया, शिवचरण रघुवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी व आमजन उपस्थित रहे। रायसेन जिले के ग्राम खोह में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष रितेश अग्रवाल, सरपंच संघ के अध्यक्ष कालूराम मीणा, बूथ अध्यक्ष बालकिशन विश्वकर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal