नई दिल्ली : मंगलवार, अक्टूबर 21, 2025/ साने ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। ताकाइची को उच्च सदन में 125 वोट मिले, जो जीत के लिए आवश्यक साधारण बहुमत से सिर्फ़ एक वोट अधिक है। निचले सदन में उन्हें 237 वोट मिले, जो आवश्यक बहुमत 233 से ज़्यादा है।
पूर्व टेलीविज़न एंकर, ताकाइची ने 1993 में राजनीति में प्रवेश किया और एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में निचले सदन में सीट हासिल की । 64 वर्षीय सांसद ताकाइची वर्तमान में अपने गृह क्षेत्र नारा का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे 1996 में जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हुईं और पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के कार्यकाल में पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुईं। उन्होंने ओकिनावा और उत्तरी क्षेत्र मामलों के राज्य मंत्री का पद संभाला। वे 2022 से 2024 तक, जापान की आर्थिक सुरक्षा मंत्री रहीं। सुस्त आर्थिक विकास, बढ़ती कीमतें और येन का तीव्र अवमूल्यन, साने ताकाइची की सरकार के समक्ष प्रमुख चुनौतियां हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साने ताकाइची को जापान की प्रधानमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा “साने ताकाइची, जापान की प्रधानमंत्री के रूप में आपके चुनाव पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं। हमारे गहरे होते संबंध पूरे हिंद-प्रशांत और इससे भी आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण हैं।




