भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने खरीदें स्वदेशी उत्पाद – हेमंत खण्डेलवाल

भोपाल : गुरुवार, अक्टूबर 16, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को जिले के मुलताई में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत विधानसभा सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने दीपावली पर्व पर स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने का आग्रह करते हुए कहा कि अपने दैनिक जीवन में भी उन वस्तुओं का प्रयोग करें, जो स्वदेशी हों। सम्मेलन को केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित स्पर्श मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित उत्पाद खरीदे एवं बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्वदेशी केवल नारा नहीं, बल्कि अपनाने योग्य संस्कार है। ऐसा नेतृत्व गर्व का विषय है, जो शब्दों से नहीं, कर्मों से प्रेरणा देता है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी के अभियान को घर-घर तक पहुंचाना है। अपने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देना है। हम जब भारत में बना सामान खरीदेंगे, तभी निर्यात कम होगा और भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। आप जब सामान खरीदने जाएं तो एक बार जरूर विचार करें कि जो सामान आप खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं, क्या उसे बनाने में किसी भारतीय का पसीना बहा है या नहीं। अगर आप रेहड़ी-पटरी वाले, लघु और कुटीर उद्योगों में बनने वाले स्वदेशी सामानों को खरीदेंगे तो निश्चित रूप से भारत बहुत जल्दी ही आत्मनिर्भर बन जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया है कि हम जो भी खरीदें वह पूर्णतः स्वदेशी होना चाहिए। ऐसी वस्तुएं खरीदें, जिनमें हमारे मजदूरों का पसीना हो और भारत की मिट्टी की महक हो। अगर हम इस मंत्र को अपने जीवन में उतार लेते हैं, तो हमारे इस महत्वपूर्ण कदम से न सिर्फ बहुत जल्द हमारा भारत आर्थिक रूप से सशक्त होगा, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भी बनेगा। उन्होंने उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस अभियान से जुड़कर स्वदेशी अपनायें और अपने आसपास के छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के ये आकर्षक उत्पाद उनके हुनर, बुद्धिमत्ता और आत्मबल का प्रतीक हैं। अपनी कमी को ताकत बनाकर ये बच्चे हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उत्पादों के विक्रय मूल्य से ज्यादा में खरीदारी की। उन्होंने कहा कि इस दीपोत्सव पर स्वदेशी और दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों को खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करें, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में आत्मविश्वास से आगे बढ़ें। भाजपा सरकार की पहल पर आयोजित स्पर्श मेले में शासकीय शालाओं सहित अन्य संस्थाओं के दिव्यांग बच्चों द्वारा स्वनिर्मित वस्तुओं, उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। यह अनुकरणीय कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अपनाओं के आह्वान को साकार कर आत्मनिर्भर भारत निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस अवसर पर मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, पूर्व विधायक अशोक कड़वे सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal