आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य प्राप्त करने राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : मंगलवार, अक्टूबर 14, 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अरूण सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को भोपाल के अपेक्स बैंक समन्वय भवन सभागार में ‘‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान‘‘ के तहत भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के आजाद होने के समय भारत के एक रूपए का मूल्य एक डॉलर के बराबर था। देश पर कोई विदेशी कर्ज नहीं था, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकारों ने आजादी के बाद रूपए का अवमूल्यन किया, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विदेशों से खरीदे जाने वाले पेट्रोलियम पदार्थों का रूपए में सौदा कर भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अरूण सिंह ने कहा कि आजादी के बाद भारत में निर्यात बढ़ाने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों से भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। उन्होंने सभी को स्वदेशी अपनाने के लिए संकल्प भी दिलाया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद की तत्कालीन कांग्रेस सरकारों की नीतियां ठीक नहीं होने के कारण स्वदेशी का नारा पीछे छूट गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वदेशी के नारे को बुलंद कर रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत बनाने हम सभी लोगों को वही सामान खरीदना चाहिए, जिसे बनाने में भारतीयों का पसीना बहा हो। विधानसभा सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मध्यप्रदेश अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगा। आजादी से पहले भारत में बड़े स्तर पर कारखाने और लघु तथा कुटीर उद्योग चल रहे थे। हमारी समृद्ध व्यापार व्यवस्था थी। भारत हमेशा से अनुशासित जीवन पद्धति वाला देश रहा है। अंग्रेजों ने भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने अपने उत्पादों को खपाने के लिए मलमल के कारीगरों के अंगूठे कटवा दिए थे। देश के आजाद होने के बाद वर्षों तक देश में कांग्रेस सत्ता में रही। वर्ष 1991 में कांग्रेस की सरकार ने यह स्थिति पैदा कर दी थी कि भारत को सोना गिरबी रखकर कार्य करना पड़ा था। आजादी के बाद कांग्रेस के शासनकाल में भारत की अर्थव्यवस्था दुरावस्था में जाती रही, लेकिन कांग्रेस पर्टी और उसकी सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लाइसेंस, कोटा परमिट करते रहे, लेकिन किसी ने अर्थव्यवस्था सुधारने में ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्य किया और आज स्थिति यह बन गई है कि भारत रूपए में रूस से पेट्रोलियम पदार्थों का लेनदेन कर रहा है। प्रधानमंत्री जी ने हर क्षेत्र में पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए आयकर में भी बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस के शासनकाल में एक नंबर में धंधा करना आसान कार्य नहीं था। प्रधानमंत्री ने कानूनों में सुधार करके पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में देशी-विदेशी निवेशक मध्यप्रदेश में अपने उद्योग स्थापित करने के लिए कार्य शुरू कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण देकर हिंदी भाषा को गौरवांन्वित किया। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से देश के गांवों को सड़क से जोड़ने का कार्य किया। अतीत के गौरवशाली इतिहास से जोड़कर देखने की जो पद्धति चालू हुई, वही स्वदेशी का परिणाम है। महात्मा गांधी ने राम राज्य की कामना के साथ देश के आजादी की अलख जगाई थी, लेकिन आजादी के बाद कांगस ने भगवान श्रीराम को ही दूर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं। अयोध्या का धाम भी स्वदेशी के भाव को परिलक्षित कर रहा है। पिछले 40 सालों से भोपाल का जब नाम आता था तो भोपाल गैस कांड का डरावना चित्र सबसे सामने आ जाता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भोपाल के उस कलंक को मिटाने का कार्य किया है। भारत को सशक्त बनाने में मध्यप्रदेश अपनी सार्थक भूमिका अदा करेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भोपाल में ग्बोलल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हुआ। आप सभी संकल्प लें कि आने वाले दिनों व त्यौहारों पर छोटे से छोटे सामान भी खरीदेंगे तो रेहड़ी-पटरी वालों से, ठेले वालों से ताकि भारत का पैसा भारत में रहे। आप सभी स्वदेशी को अपनाएं और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में अपना अमूल्य सहयोग दें।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अरूण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। जब तक देश का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत नहीं होगा, देश का विकास गति नहीं पकड़ेगा। कांग्रेस के शासनकाल में जहां 2.5 लाख करोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया जाता था, वहीं प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार प्रतिवर्ष 12 लाख करोड़ रूपए इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रही है। कोरोना महामारी के समय जब पूरे देश में लॉकडाउन लगा था, तब प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर पूरा देश घरों से बाहर निकला और थाली बजाकर उत्साहवर्धन किया। कोरोनाकाल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 6.5 लाख पीपीई किटों का प्रतिदिन देश में निर्माण हो रहा था, जबकि भारत में पहले कभी पीपीई किटें बनती ही नहीं थीं। पूर्व में भारत वर्षों तक टीकों के लिए दूसरे देशों की राह देखता था, लेकिन यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व ही है कि भारत ने कोरोना की वैक्सीन बनाई। इन्हीं वैक्सीनों ने देश के लोगों की जान बचाई, वहीं 100 देशों को भी वैक्सीन दी गई। आज देश में एक लाख 60 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। दुनिया में भारत का यूपीआई पेमेंट नंबर एक पर है। सेना के लिए आवश्यक सामान भी अब भारत में ही बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत में आकाश, ब्रह्मोश मिसाइलों के साथ तेजस जैसे आधुनिक विमान भी बनाए जा रहे हैं। भारत का निर्यात 33 हजार करोड़ से अधिक हो गया है। आप सभी स्वदेशी के लिए जन-जागरण करें और भारत को आत्मनिर्भर बनाने स्वदेशी अपनाएं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार कार्य कर रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार मध्यप्रदेश को तेजी से विकास के पथपर आगे ले जा रही है। मध्यप्रदेश में नर्मदा विकास पथ, मालवा विकास, विंध्य विकास पथ, बुदेलखंड विकास पथ, चंबल एक्सप्रेस वे, विंध्य एक्सप्रेस वे, नर्मदा एक्सप्रेस जैसी परियोजनाएं लागू की गई हैं। ओंकारेश्वर में दुनिया का सबसे बड़ा फ्लोटिंग सोलर प्लांट लग रहा है। इंदौर-भोपाल में मेट्रो परियोजना, इंदौर में 35 मंजिला स्टार्टअप पार्क बनाया जा रहा है। धार में मेगा टेक्सटाइल पार्क बन रहा है, जहां से कपास और रेशम का एक्सपोर्ट होगा। 46 हजार करोड़ रुपये लागत वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। किसानों के हित में भावांतर योजना लागू की गई है। मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 30 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे करीब 23 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रदेश के सांची दूध को पूरे देश में पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आप सभी की सहभागिता आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की बागडोर संभालने के बाद महात्मा गांधी द्वारा आजादी के आंदोलन के साथ शुरू किए गए स्वदेशी के नारे को बुलंद किया गया। प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। महात्मा गांधी ने आजादी से पहले स्वदेशी का जो सपना देखा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसे पूरा करने के लिए स्वदेशी अपनाने का अभियान चला रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2014 से ही भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की नीतियों से आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारत आने वाले दो वर्षों में जर्मनी को पीछे छोड़कर विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनने जा रहा है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और आत्मनिर्भर बनाने में मध्यप्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ा योगदान दे रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार पर निवेशकों का इतना भरोसा है कि देशी-विदेशी कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश की इच्छुक हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी के अभियान को घर-घर तक पहुंचाना होगा। मध्यप्रदेश के लोगों से मैं अपील करता हूं कि अपने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ाव दें। हम जब भारत में बना सामान खरीदेंगे, तभी निर्यात कम होगा और भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। आप जब सामान खरीदने जाएं तो एक बार जरूर विचार करें कि जो सामान आप खरीदकर अपने घर ले जा रहे हैं, क्या उसे बनाने में किसी भारतीय का पसीना बहा है या नहीं। क्या उस सामान को खरीदने से किसी गरीब रेहड़ी-पटरी पर व्यवसाय करने वाले का भला हो रहा या नहीं। अगर आप रेहड़ी-पटरी वाले, लघु और कुटीर उद्योगों में बनने वाले स्वदेशी सामानों को खरीदेंगे तो निश्चित रूप से भारत बहुत जल्दी ही आत्मनिर्भर बन जाएगा। प्रधानमंत्री की नीतियों और कार्यों से भारत रक्षा उपकरणों के साथ मोबाइल निर्यात में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत पेट्रोलियम पदार्थों का सबसे अधिक आयात करने वाले देशों में शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने पेट्रोलियम में 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाने का कारगर उपाय किया है, इससे निर्यात कम होगा और हमारा देश आर्थिक रूप से और सशक्त होगा। मध्यप्रदेश और भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम सभी को स्वदेशी सामानों का ही उपयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, सीमा सिंह जादौन, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री व आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक रणवीर सिंह रावत, महापौर मालती राय, सतीश गंगराड़े एवं डॉ. शैलेश लुणावत मंचासीन रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal