उज्जैन : सोमवार, सितम्बर 29, 2025/ अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा की अध्यक्षता में सोमवार शाम को प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्टर कार्यालय सभागृह में सिंहस्थ 2028 के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा और प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा कर अनुशंसा दी गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव राजौरा ने निर्देश दिए की सिंहस्थ 2028 के कार्यों की कार्ययोजना में उर्जा खपत पर विशेष ध्यान दे। फ्लड लाईट का घाटों पर उपयोग सिंहस्थ के समय ही करे और बहुत आवश्यक स्थानों पर स्थाई फ्लड लाईट का उपयोग करे। सिंहस्थ 2028 के सभी आवश्यक कार्य अक्टूबर 2027 के पहले पूर्ण करे। कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे , गुणवत्ता में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सभी स्वीकृत कार्य जिनकी डीपीआर लंबित है उनकी डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। नगर निगम उज्जैन के द्वारा किए जा रहे आंतरिक मार्ग चौडीकरण के सभी स्वीकृत कार्य एक वर्ष की अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य सचिव राजौरा ने मंत्री मंडलीय समिति से स्वीकृत सिंहस्थ निर्माण कार्यों की कार्यप्रगति की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि नवीन घाट निर्माण कार्य, कान्ह क्लोज डक्ट परियोंजना ,सिलारखेड़ी सेवरखेडी परियोंजना, मार्ग चौड़ीकरण आदि कार्य समय सीमा में प्रगतिरत है। बैठक में जानकारी दी गई कि हरिफाटक पुल चौड़ीकरण, नईखेड़ी , पंवासा ,चिंतामण ,रेल्वे स्टेशन की कनेक्टिविटी कार्य टेंडर प्रक्रिया में है।
बैठक में पर्यवेक्षण समिति की 6वीं बैठक के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए विभिन्न कार्यों की अनुशंसा की गई। उज्जैन जिले में जल संसाधन विभाग के द्वारा 15 करोड़ रुपए की लागत राशि से निर्माणाधीन घाटों के प्रवेश स्ट्रक्चर की चौडाई बढ़ाकर 30 मीटर करने का कार्य , नगर निगम द्वारा 03 करोड 97 लाख रुपए की लागत राशि से घाटों पर 6.5 मीटर उचाई के 20 वॉच टावर निर्माण कार्य , नगर निगम के जोन कार्यालयों का उन्नयन, 12.5 करोड़ रुपए की लागत राशि से महाकाल चौराहे से बड़े गोपाल मंदिर तक 20 मीटर चौड़ाई का मार्ग निर्माण, 19 करोड़ रुपए की लागत राशि से गुदरी चौराहे से पान दरीबा होते हुए हरसिद्धी पाल तक 15 मीटर चौड़ाई का मार्ग निर्माण, बम्बई धर्मशाला से मोढ़ धर्मशाला तक 18 मीटर चौड़ाई का मार्ग निर्माण, लोकनिर्माण विभाग द्वारा शनि मंदिर से चिंतामण मंदिर तक 30 करोड़ रुपए की लागत राशि से 05 कि.मी. लंबा 04 लेन मार्ग निर्माण, 78 करोड रुपए की लागत राशि से रामवासा से नरवर तक 04 लेन 9.2 कि.मी. लंबाई का मार्ग निर्माण, 117.88 करोड रुपए की लागत राशि से 26.7 कि.मी. लंबाई के उन्हेल, रामाबालोदा ,खोकरी, अंबोदिया एवं नईखेडी मार्ग निर्माण, 144.57 करोड़ रुपए की लागत से 22 कि.मी. लंबाई का जवासिया से लेकोडिया- सांवेर-देपालपुर मार्ग निर्माण, लोक निर्माण सेतू द्वारा 09 करोड़ रुपए की लागत राशि से शनिमंदिर से मेंठिया मार्ग पर नवीन पुल निर्माण कार्य, नईखेडी-सिलोदारावल मार्ग पर 37.5 करोड़ रुपए की लागत राशि से 625 मी. लंबाई के रेल्वे ओवरब्रिज का निर्माण, लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत राशि से कालभैरव मंदिर का संरक्षण एवं उन्नयन कार्य, स्मार्ट सिटी द्वारा 140 करोड़ रुपए की लागत राशि से शनि और नवग्रह मंदिर के उन्नयन का कार्य, यूडीए द्वारा 26.55 करोड़ रुपए की लागत राशि से इंटिग्रेटेड मेला कार्यालय एवं दत्त अखाडा जोन का जोनल कार्यालय निर्माण, क्षिप्रा नदी के पूर्वी भाग की ओर 117.70 करोड़ रुपए की लागत राशि से 18 मी. चौडाई और 6.1 कि.मी लंबाई का मार्ग निर्माण कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा कर अनुशंसा की गई।
बैठक में देवास जिले में 356 करोड़ की लागत राशि से 48 कि.मी. लंबाई और 10मी. चौडाई के बरोठा-चापडा-देवास 04 लेन मार्ग निर्माण, देवीलोक निर्माण कार्य,शाजापुर जिले के मक्सी बाईपास पर आरओबी निर्माण, आगर मालवा के नलखेड़ा में 27.2 करोड रुपए की लागत राशि से बगलामुखी माता मंदिर पहुंच मार्ग निर्माण, खरगोन जिले के महेश्वर में महेश्वरी नदी स्थित जलेश्वर मंदिर से कालेश्वर मंदिर तक 5.4 करोड़ रुपए की लागत राशि से 90 मीटर लंबाई और 04 मीटर चौडाई के सस्पेंशन ब्रिज निर्माण,महेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे जगन्नाथ मंदिर से सप्तमातृका मंदिर पर 03. 75 करोड़ रुपए की लागत राशि से घाट और सीढी निर्माण कार्य, मंदसौर जिले में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा 06 करोड़ रुपए की लागत राशि से पशुपतिनाथ मंदिर के समीप 02 मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण, 1.3 करोड़ रुपए की लागत राशि से कुबैर मंदिर और लक्ष्मण दरवाजे का जीर्णोंद्धार कार्य, 50 लाख रुपए की लागत राशि से एकीकृत कंट्रोल रुम निर्माण, नीमच जिले में 17.34 करोड़ रुपए की लागत राशि से भादवा माता मंदिर परिसर उन्नयन कार्य, रतलाम में 2.2 करोड़ रुपए की लागत राशि से सतरुंडा कवलका माता मंदिर उन्नयन कार्य, 3.52 करोड़ रुपए की लागत राशि से विरुपाक्ष महादेव मंदिर उन्नयन कार्य , 02 करोड़ रुपए की लागत राशि से अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर उन्नयन कार्य और अन्य कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा कर अनुशंसा की गई।
बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह ,विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी गोपाल डाड, संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




