भोपाल : बुधवार, सितम्बर 24, 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को भोपाल के एक्सीलेंस स्कूल में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेल के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है। सभी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी पदक ला रहे हैं। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत जीवन में खेल गतिविधियां बढ़ाना जरूरी है। स्वदेशी की क्रांति अर्थव्यवस्था को और खेलों की क्रांति भारत को फिट बनाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश अब खेलों का हब बनता जा रहा है। जहां खेल होते हैं वहां समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है। खेल महोत्सव एक बहुत ही सुन्दर प्रस्तुति है, जहां खेल है वहां जीवन है, जहां खेल है वहां खुशहाली है, जहां खेल है वहां आनंद है। कार्यक्रम को सांसद आलोक शर्मा ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे यह जानकार अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि खेलों के लिए पंजीयन कराने वाले युवाओं की संख्या के मामले में छिंदवाड़ा के बाद भोपाल दूसरे नंबर पर है। यहां लगभग 71 हजार युवाओं ने इन खेलों के लिए पंजीयन कराया है। पंजीयन का यह आंकड़ा उत्साह बढ़ाने वाला है और खेलों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना का प्रकटीकरण भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों की नई क्रांति हुई है और हमारे खिलाड़ी भी जी-जान से खेलते हैं। अभी दो दिन पहले हमारे क्रिकेटरों ने पाकिस्तान को पटखनी दी है। उन्होंने पाकिस्तान को यह संदेश दिया है कि एक बार नहीं, दो बार नहीं, जितनी बार आओ। सेना के सामने आओ या खिलाड़ियों के सामने आओ, जब भी आओगे, पटक-पटक कर मारेंगे। प्रधानमंत्री जी फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत जीवनशैली में बदलाव के लिए सभी को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता का विषय है कि सांसद खेल महोत्सव, सेवा पखवाड़ा का भाग बन रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लोगों से आह्वान किया है कि तेल घटाइये और खेल बढ़ाइए, ताकि स्वस्थ रह सकें। नुकसानदायक खाद्य पदार्थों को छोड़ें, लेकिन दूध, घी, दही जरूरत खाएं जिनकी प्राचीन समय से हमारे देश में बहुलता रही है। उन्होंने कहा कि खेलों का सनातन संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। हमारे यहां तो विवाह के लिए जो स्वयंवर होते थे, उनमें भी निर्णय खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही होता था। भगवान श्रीराम का विवाह इसका उदाहरण है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश खेलों की हर विधा में प्रगति कर रहा है। हर खेल में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। एशियाड हो, कॉमनवेल्थ हो या राष्ट्रीय खेल, हर प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ी शामिल होते हैं। हमारी सरकार भी मध्यप्रदेश में खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को निखार सकें, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हमने स्पोर्ट्स टीचर्स के लिए प्रमोशन की व्यवस्था की है और अब वे कितने भी आगे जा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद खेल महोत्सव और आने वाले दशहरा पर्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के हर गांव से चैंपियन बनें और हर घर से खिलाड़ी निकलें, यही मेरी शुभकामनाएं हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि खेल महोत्सव एक बहुत ही सुन्दर प्रस्तुति है, जहां खेल है वहां जीवन है, जहां खेल है वहां खुशहाली है, जहां खेल है वहां आनंद है। कई राज्य खेलों के मामले में हमारे देश में काफी आगे निकल गए और अब हमारा मध्यप्रदेश भी खेलों का हब बनता जा रहा है। जहां-जहां खेल नहीं वह राज्य नशे के आदी बनते चले गए। जो राज्य खेलों में पिछड़ा वहां का समाज और युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर चली गई। खेलों का हमारे जीवन और समाज में होना बहुत आवश्यक है। खेल ही एक ऐसी विद्या है जहां सभी उम्र के लोग सभी समाज के लोग सभी विचारधारा और सभी धर्मों के लोग तालियां बजाते है वह खेल का ही मैदान होता है। जिस शहर और समाज में खेल होते हैं वहां क्राइम नहीं होता और शहर और समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को काफी महत्व दिया है और उनके नेतृत्व में हमारा देश लगातार खेलों में आगे बढ़ रहा है और दुनिया में हम खेलों के मामले में सिरमौर बने हमारी युवा पीढ़ी आगे बढ़े यह प्रयास किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में हर खेल में एक ध्यानचंद पैदा और उसमें उन जितनी ही लगन हो यही आशा और विश्वास है। खेलों और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ को समाज के लोगों को समय और अपना योगदान देना चाहिए,ताकि खेलों की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ते रहे।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सांसदों को सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से खेलों का आयोजन कर हम सबको प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री जी लगातार खेलों को और स्वास्थ्य को नए भारत का आधार बना रहें हैं उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट के द्वारा देश के हर नागरिक को खेल के प्रति जागरूक किया है। यह सांसद खेल महोत्सव प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का मंच बने। हमें गर्व है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देकर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। भोपाल लोकसभा में यह खेल प्रतियोगिताएं ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी। भोपाल में सांसद खेल प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता के रूप में आएंगे उन्हें पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र में प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी योग्यता के अनुसार प्रतिभा को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। यह सांसद खेल महोत्सव देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती 25 दिसंबर तक चलेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री चेतन काश्यप, विश्वास सारंग, रावउदय प्रताप सिंह, कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, सुदेश राय, महापौर मालती राय, भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, भोपाल ग्रामीण जिला अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, सीहोर जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, बैरसिया नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री राठौर, रचना सुरेन्द्र मेवाड़ा, भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुंवर नौरंग गुर्जर एवं सत्यार्थ अग्रवाल मंच पर उपस्थित रहे।