भोपाल : बुधवार, सितम्बर 17, 2025/ रीवा आज एक ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बना, जब कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं जननायक श्रीनिवास तिवारी की 100वीं जयंती के अवसर पर भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह एवं कांग्रेस महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों एवं हजारों कार्यकर्ताओं ने श्रीनिवास तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
श्रीनिवास तिवारी को जनसेवा का प्रतीक एवं संघर्ष का पर्याय बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आमजन के अधिकारों और न्याय के लिए समर्पित कर दिया। वे न सिर्फ कांग्रेस संगठन के मजबूत स्तंभ थे बल्कि आमजन की आवाज को विधानसभा से लेकर सड़क तक बुलंद करते रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी , पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह , नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार , पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल भैया) जी, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल , पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह , पूर्व राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल , पूर्व मंत्रीगण लखन घनघोरिया , पीसी शर्मा , विधायक अभय मिश्रा , सिद्धार्थ कुशवाहा , जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा , महापौर अजय मिश्रा , पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी , सुखेन्द्र बन्ना , वरिष्ठ नेता रामेश्वर नीखरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।
यह आयोजन न सिर्फ श्रद्धांजलि का अवसर रहा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देने का भी मंच बना कि राजनीति का मूल उद्देश्य जनसेवा, न्याय और अधिकारों की रक्षा है – जिसके लिए श्रीनिवास तिवारी सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।




