केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेवा पर्व समारोह के तहत डीडी नेशनल और डीडी न्यूज़ के विशेष कार्यक्रमों का शुभारंभ किया

नई दिल्ली : बुधवार, सितम्बर 17, 2025/ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में आयोजित सेवा पर्व समारोह में डीडी नेशनल और डीडी न्यूज़ पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों के एक विशेष संग्रह की शुरुआत की। इस अवसर पर वृत्तचित्रों के प्रोमो भी जारी किए गए।

अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस बात पर प्रकाश डाला कि दूरदर्शन और प्रसार भारती द्वारा जारी वृत्तचित्र प्रधानमंत्री मोदी की कर्मयोग और आजीवन समर्पण की भावना को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री ने शुरू से ही, व्यक्तिगत हितों को दरकिनार कर, राष्ट्र निर्माण मिशन के लिए अथक परिश्रम करते हुए, अपना जीवन पूरी तरह से राष्ट्र और समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह प्रतिबद्धता देश के लिए सौभाग्य की बात है और आज पूरे भारत में दिखाई दे रहे महत्वपूर्ण परिवर्तनों के रूप में दिखाई देती है।

वैष्णव ने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में, भारत ने अपने सुदूरतम गांवों में भी ठोस प्रगति की है, और एक दशक में वह सब हासिल कर लिया है जो पहले कई दशकों में संभव हो पाता था। वैश्विक स्तर पर, भारत ने प्रौद्योगिकी, रचनात्मकता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास जैसे क्षेत्रों में एक नई पहचान और मान्यता अर्जित की है। उन्होंने सेवा पर्व के दौरान सेवा भावना का जश्न मनाने और सेवा कार्यों में भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सभी को आगे आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने आज रक्तदान के साथ दिन की शुरुआत की है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव, संजय जाजू ने प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रकाश डालते हुए जनसेवा और सुशासन को मार्गदर्शक सिद्धांतों के रूप में रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी हिस्सों से प्रगति और विकास की कहानियां सामने आ रही हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह कार्यक्रम 2047 तक विकसित भारत की दिशा में भारत द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।

सेवा पर्व के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम, सेवा की भावना को प्रदर्शित करेंगे और विविध पहलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता को उजागर करेंगे। दूरदर्शन पर क्यूरेट की गई सामग्री सार्वजनिक सेवा, विकास और सामूहिक जिम्मेदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाएगी। डीडी न्यूज राष्ट्रीय स्तर पर तीन वृत्तचित्रों के साथ-साथ मेरा गांव आज श्रृंखला भी दिखाएगा। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के गांवों में विकास और परिवर्तन की कहानी पर आधारित है। डीडी नेशनल वृत्तचित्र स्व से समग्र तक का प्रदर्शन करेगा। डीडी न्यूज के क्षेत्रीय चैनलों पर क्षेत्रीय भाषाओं में भी वृत्तचित्र दिखाएं जाएंगे।

पत्र सूचना कार्यालय के प्रधान महानिदेशक धीरेन्द्र ओझा, प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल, प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं पटकथा लेखक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मीडिया इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal