रविवार को इंदौर में “परिक्रमा कृपा सार” का विमोचन करेंगे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत

इंदौर : शुक्रवार, सितम्बर 12, 2025/ रविवार 14 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में “परिक्रमा कृपा सार” पुस्तक का विमोचन होगा। यह विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के करकमलों से किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष तौर पर उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन नर्मदा खंड सेवा संस्थान, मगरौन जिला दमोह द्वारा किया जा रहा है। पुस्तक नर्मदा परिक्रमा कर चुके प्रदेश के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा लिखी गई है।

मंत्री पटेल ने बताया कि उन्हें नर्मदा नदी से विशेष लगाव है। यह पुस्तक उनके जीवन की दो महत्वपूर्ण नर्मदा परिक्रमा यात्राओं से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहली परिक्रमा 1994 से 1996 के दौरान अपने गुरुदेव बाबा श्रीजी की सेवा करते हुए की थी। इसके बाद दूसरी परिक्रमा 2005 में सपत्नीक और सहयोगियों के साथ पूर्ण की। इन यात्राओं के अनुभवों और भावनाओं का संग्रह ही इस पुस्तक के रूप में सामने आया है।

पटेल ने कहा कि यह पुस्तक 30 वर्ष पूर्व प्रथम नर्मदा परिक्रमा और जबलपुर में परम पूज्य बाबा श्रीजी के चातुर्मास के दौरान लिखे गए समसामयिक लेखों का संकलन है। सहयोगियों के अनुरोध पर उन्होंने इस पुस्तक को प्रकाशन के लिए तैयार किया। मंत्री ने कहा कि हिंदी दिवस के अवसर पर इंदौर की धरती पर इस पुस्तक का विमोचन होना उनके लिए सौभाग्य और मां नर्मदा की कृपा का प्रतीक है।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री ने राज्य में चल रहे जल संरक्षण अभियानों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पिछले साल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू करने की बात कही थी। तब उन्होंने यह सोचा कि वे इस अभियान में अपनी क्या भूमिका निभा सकते हैं , क्योंकि वे भारत सरकार में जल शक्ति मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को ‘नदियों का मायका’ कहा जाता है, इसी भावना से उन्होंने रायसेन जिले के ग्राम झिरी में बेतवा नदी के उद्गम स्थल से इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ की। पटेल ने बताया कि अब तक वे स्वयं 106 नदियों के उद्गम स्थल तक पहुंच चुके हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में नर्मदा खंड सेवा संस्थान के अध्यक्ष नरेंद्र बजाज, कोषाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और सचिव गजेंद्र आचार्य सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष सहयोग है। मंत्री पटेल ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से न केवल पुस्तक विमोचन होगा, बल्कि नदियों के संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ेगी। विशेष बात यह है कि यह आयोजन ऐसे समय हो रहा है जब मध्यप्रदेश में पर्यावरण और जल संसाधन को लेकर राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि मां नर्मदा का आशीर्वाद और गुरुजनों की प्रेरणा ही उन्हें निरंतर इस तरह के अभियानों और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करती है।

इस प्रकार 14 सितंबर को इंदौर का यह आयोजन केवल एक पुस्तक विमोचन नहीं, बल्कि नदियों और प्रकृति के प्रति आस्था, श्रद्धा और संरक्षण के संदेश का महोत्सव होगा।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal