नई दिल्ली : सोमवार, सितम्बर 8, 2025/ भारत ने एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप जीत ली है। कल राजगीर में प्रतियोगिता के फाइनल में उसने पिछले चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया। इसके साथ ही भारत ने नीदरलैंड्स और बेल्जियम मे अगले वर्ष होने वाले विश्व कप के लिये भी क्वालिफाई कर लिया है।
भारत शुरुआत से ही दक्षिण कोरिया पर हावी रहा। मैच के 29वें सेकेंड में ही सुखजीत सिंह ने पहला गोल किया, इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने दो गोल किये। भारत के लिये चौथा गोल अमित रोहिदास ने किया। दक्षिण कोरिया का एकमात्र गोल अंतिम क्वार्टर में हो पाया। भारत इस प्रतियोगिता के सभी मैचों में विजयी रहा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि यह खिताबी जीत मैच दर मैच प्रदर्शन में सुधार का परिणाम है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के राजगीर में आयोजित पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी है। श्री मोदी ने कहा कि यह जीत और भी खास है क्योंकि भारतीय टीम ने गत विजेता दक्षिण कोरिया को हराया है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह जीत इसलिए और भी खास है क्योंकि उन्होंने गत विजेता दक्षिण कोरिया को हराया है! यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेलों के लिए गौरव का क्षण है। हमारे खिलाड़ी और नई ऊँचाइयों को छूते रहें तथा देश को और अधिक गौरव दिलाएं।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी विजेता टीम को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्हंने ‘एक्स’ पर लिखा, “शानदार प्रदर्शन! बिहार के राजगीर में आयोजित एशिया कप हॉकी के फ़ाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर चैंपियन का खिताब जीतने पर भारतीय हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। आप सभी ने पूरे एशिया कप में बेहतरीन खेल की मिसाल कायम की है; सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”




