नई दिल्ली : रविवार, अगस्त 17, 2025/ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पूरे देश में लगभग एक हजार 150 टोल प्लाजा पर ‘फास्टैग वार्षिक पास’ की सुविधा कल 79वें स्वतंत्रता दिवस से शुरू कर दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, कल शाम सात बजे तक लगभग एक लाख चालीस हजार लोगों ने वार्षिक पास खरीद कर सक्रिय किया।
मंत्रालय ने कहा कि वार्षिक पास से सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक टोल प्लाजा पर प्राधिकरण के अधिकारी और नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। फास्टैग को बार बार रिचार्ज करने की आवश्यकता समाप्त करने के लिये फास्टैग वार्षिक पास शुरू किया गया है। यह एक मुश्त तीन हजार रुपये की खरीद के साथ शुरू होगा। इस पास की वैधता एक वर्ष या 200 बार टोल प्लाजा से गुजरने तक रहेगी। फास्टैग वार्षिक पास वैध फास्टैग वाले सभी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू है।
गौरतलब हो, पास खरीदने के लिए वाहन मालिकों के पास विंडस्क्रीन पर लगा एक एक्टिव फास्टैग होना चाहिए, जो उनके रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़ा हो। उन्हें पास खरीदने से ब्लैकलिस्ट नहीं किया जाना चाहिए। कुछ फास्टैग्स विशेष रूप से नए वाहनों के लिए जारी किए गए, केवल वाहन के चेसिस नंबर के साथ रजिस्टर्ड हो सकते हैं। ऐसे फास्टैग पर एनुअल पास एक्टिव नहीं किया जा सकता है और उन्हें पूरा वाहन रजिट्रेशन नंबर शामिल करने के लिए अपडेट किया जाना चाहिए।
पास राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप, एनएचएआई या सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट या अधिकृत फास्टैग जारीकर्ता पोर्टल के माध्यम से खरीदा जा सकता है। पास का भुगतान (3,000 रुपए) यूपीआई, डेबिट या क्रेडिट कार्ड, या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है। इस उद्देश्य के लिए फास्टैग वॉलेट बैलेंस का उपयोग नहीं किया जा सकता है। एक्टिवेशन आमतौर पर दो घंटे के भीतर पूरा हो जाता है और एसएमएस द्वारा पुष्टि की जाती है।




