भोपाल : मंगलवार, अगस्त 12, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बैतूल स्थित अपने निवास पर तिरंगा ध्वज लगाया। उन्होंने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर http//harghartiranga.com पर साझा भी किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के नागरिकों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर तिरंगा ध्वज लगाने का आह्वान किया। तत्पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल जिला कार्यालय में 13 अगस्त को बैतूल में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर बैतूल नगर के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता और आमजन सहभागिता करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी एकता, सम्मान और गर्व का अमर प्रतीक है। इसकी शान हमेशा ऊँची रखना हम सभी का पावन कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में आमजन जितने उत्साह, उमंग और जोश से सहभागिता कर रहे हैं, उससे यह सिद्ध हो गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह अभियान अब एक जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरायें और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर http//harghartiranga.com पर अवश्य साझा करें और इस प्रेरणादायी अभियान को जन-जन तक पहुँचाएं।




