नई दिल्ली : शनिवार, अगस्त 2, 2025/ 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी ने शुक्रवार को वर्ष 2023 के लिए विजेताओं की घोषणा की। इस वर्ष, पुरस्कारों के लिए कुल 332 फीचर फिल्म प्रविष्टियाँ, 115 गैर-फीचर फिल्म प्रविष्टियाँ, 27 बुक प्रविष्टियाँ और 16 समीक्षक प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं।
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में 12वीं फेल को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया है। फ्लावरिंग मैन को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि गॉड वल्चर एंड ह्यूमन को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार मिला। दोनों ही फिल्मों ने अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता।
शाहरुख खान (जवान) और विक्रांत मैसी (12वीं फेल) को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया है। यह शाहरुख खान का उनके करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है।
रानी मुखर्जी को मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे में उनके दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। उनका भी यह पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। अनुभवी अभिनेता विजयराघवन और मुथुपेट्टई सोमू भास्कर को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।
बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड 12वीं फेल को मिला। बेस्ट हिंदी फिल्म का अवॉर्ड ‘कटहल’ को मिला है। बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार सुदीप्तो सेन को ‘द केरला स्टोरी’ के लिए मिला। इसी फिल्म में बेस्ट सिनेमेटोग्राफी के लिए प्रशांतनु मोहपात्रा को सम्मानित किया गया। बेस्ट फीमेल सिंगर का अवॉर्ड शिल्पा राव को ‘जवान’ फिल्म के लिए मिला। बेस्ट फीमेल सिंगर का पुरस्कार पीवीएन एस. रोहित को ‘बेबी’ फिल्म के लिए दिया गया।
बेस्ट चिंड्रेन फिल्म की बात करें तो इस बार मराठी फिल्म ‘नाल 2’ को मिला। बेस्ट एक्शन डायरेक्शन (स्टंट कोरियोग्राफी कैटेगरी) का अवॉर्ड नंदू एंड प्रुध्वी को फिल्म ‘हनु-मैन’ के लिए दिया गया। बेस्ट कोरियोग्राफी का पुरस्कार ढिंढोरा बाजे रे फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के लिए वैभवी मर्चेंट को दिया गया। बेस्ट लिरिक्स का पुरस्कार कासरला श्याम को तेलुगू फिल्म बलगम को मिला। बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का अवॉर्ड वी प्रकाश को तमिल फिल्म ‘वाथी’ के लिए और हर्षवर्धन रामेश्वर को फिल्म ‘एनिमल’ के लिए।
बेस्ट मेकअप आर्टिस्ट का अवॉर्ड श्रीकांत देसाई को फिल्म ‘सैम बहादुर’ के लिए दिया गया। बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर का सम्मान सचिन लावेलकर, दिव्या गंभीर, निधी गंभीर को फिल्म सैम बहादुर के लिए दिया गया।
बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन मोहनदास को फिल्म 2018- एवरीवन इज हीरो के लिए मिला। बेस्ट एडिटिंग का नेशनल अवॉर्ड मिधुन मुरली को ‘पोक्कालम’ (मलयालम) फिल्म के लिए प्रदान किया गया।
बेस्ट साउंड डिजाइन का अवॉर्ड सचिन सुधाकरन, हरिहरनन मुरलीधरन को हिंदी फिल्म ‘एनिमल’ के लिए दिया गया। बेस्ट स्क्रीनप्ले का पुरस्कार तेलुगू फिल्म बेबी के लिए साईं राजेश नीलम ने जीता। बेस्ट डायलॉग राइटर बने दीपक किंगरानी। उनको हिंदी फिल्म ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ के लिए ये अवॉर्ड मिला।
पुरस्कारों की घोषणा से पहले, फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष आशुतोष गोवारिकर, गैर-फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष पी. शेषाद्रि, डॉ. अजय नागभूषण एम संयुक्त सचिव (फिल्म्स) ने वर्ष 2023 के लिए 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं की सूची प्रस्तुत की। इस अवसर पर पीआईबी की महानिदेशक मट्टू जे पी सिंह भी उपस्थित थीं। घोषणा से पहले, 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की जूरी ने औपचारिक रूप से पुरस्कार विजेताओं की सूची केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन को सौंपी।




