विधायक जनता के विकास की योजनाएं बनाएं, भाजपा सरकार उन्हें पूरा करेगी – डॉ. मोहन यादव

भोपाल : बुधवार, जुलाई 30, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मंगलवार को भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। देश की जनता हमें इसलिए सेवा का अवसर प्रदान करती है, क्योंकि हम देश प्रथम और स्वयं को गौण रखकर कार्य करते हैं। मध्यप्रदेश में पार्टी का आदर्श संगठन है, जिसकी शक्ति को पूरे देश ने पिछले विधानसभा और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देखा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनता और प्रदेश के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है। विधायकगण अपने क्षेत्र के विकास के लिए योजनाएं बनाएं भाजपा सरकार उन्हें पूरा करेगी। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार दीनदुखियों की सेवा करने, जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस को जनता के किसी भी मुद्दे से कोई मतलब नहीं रह गया है। कांग्रेस समाज में झूठ और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है, इसलिए सदन में आप सभी को तथ्यों के साथ कांग्रेस के आरोपों का जवाब देकर उन्हें बेनकाब करना है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिन्हें विश्व के 27 देशों का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त हो चुका है। प्रधानमंत्री जी यह सम्मान प्राप्त कर वैश्विक स्तर पर भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि आप सभी क्षेत्र के सम्मानित विधायक हैं। जनता की सेवा के लिए आप राजनीति में आए हैं। पार्टी की गतिविधियों में जनप्रतिनिधि अपनी भागीदारी और अधिक सुनिश्चित करें। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। बैठक का संचालन संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया और आभार विधायक दल के महामंत्री शैलेन्द्र जैन ने व्यक्त किया।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार जनता के हितों को ध्यान में रखकर अधिकांश निर्णय कर रही है। हमें भी अपने क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उनके बीच जाकर, जनता से विचार-विमर्श कर क्षेत्र के विकास की योजनाएं बनानी हैं। साथ ही केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उन योजनाओं का लाभ दिलाना है। कांग्रेस अपनी करनी से रसातल की ओर बढ़ रही है। जनता और क्षेत्र के विकास के लिए और क्या बेहतर हो सकता है इसको लेकर कार्य करें और रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण और व्यवहार से जनता का दिल जीतना है। अपने-अपने बूथ में लोगों को और अधिक संख्या में जोड़कर सशक्त बनाना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। मध्यप्रदेश की सरकार एक आदर्श सरकार बनें, इसके लिए विधायकगणों को अपने-अपने क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए भी काम करना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करना है। क्षेत्र के विकास में सरकार की ओर से जो भी कार्य अपेक्षित होंगे उसकी रणनीति बनाकर कार्य करें। जनप्रतिनिधिगण भाजपा सरकार और अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों का लेखा जोखा बनाकर जनता के सामने रखें और बताएं कि भाजपा सरकारें जनता के हितों के लिए कार्य कर रही हैं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार कई बड़ी योजनाएं चला रही है और कई उल्लेखनीय फैसले लिए हैं, जो मध्यप्रदेश को नए मुकाम तक पहुंचाएंगे। भाजपा सरकार मध्यप्रदेश में एक बगिया मां के नाम योजना चला रही है। उस योजना में स्व-सहायता समूह की बहनों को बगिया लगाने के लिए सरकार मदद दे रही है। सरकार प्रदेश में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए उद्योग नीति में कई रियायतें दे रही है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के साथ रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव आयोजित किए गए हैं। मध्यप्रदेश में कई देश के उद्योगपति निवेश करने के इच्छुक हैं। आप सभी क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहित करें और उन्हें सरकार की इन निवेश योजनाओं की जानकारी देकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाएं। एमएसएमई क्षेत्र में भी कई रियायतें देकर छोटे उद्योगों को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार बढ़ावा दे रही है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उद्योगों में कार्य करने वाली बहनों को छह हजार रूपए प्रतिमाह देने का निर्णय लिया है। हमें जनता के हितों के लिए कार्य कर क्षेत्र में अपनी पकड़ और मजबूत करनी है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि विधायकों पर क्षेत्र की समस्याओं का निदान करने के साथ ही सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की दोहरी जिम्मेदारी है। हमें संगठन और सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों पर खरा उतरना है। केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाकर संगठन द्वारा सौंपे गए विभिन्न कार्यक्रमों को शत प्रतिशत करना है। आप सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करना है, ताकि जनता की सेवा में कमी न आने पाए। जिलों में सांसद, विधायक और जिला अध्यक्ष आपस में चर्चा कर आवश्यक कार्यों को प्राथकिता तय कर उन्हें पूरा कराएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार संपूर्ण मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र का विकास कर रही है। केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा जनता के लिए बड़ी संख्या में कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है जिसका पूरा लाभ मिले, इसकी चिंता क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी करना है। गांव-गांव जाकर जनता से संपर्क कर उनसे चर्चा करें और जिस क्षेत्र में जिस प्रकार के विकास कार्य की आवश्यकता महसूस हो, वहां के लिए प्रयास किया जाएं। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर प्रदेश की जनता के विकास की चिंता करनी है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि हाल ही में यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेल सूची में महाराष्ट्र के 12 किलों को शामिल किया गया है। जिन किलों को यूनेस्को की सूची में शामिल किया गया है, उनमें से अधिकांश किले छत्रपति शिवाजी महाराज से संबंधित हैं। छत्रपति शिवाजी के किलों को शामिल कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो प्रयास किए हैं, उसके लिए हम सभी को प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहिए। आप सभी विधायक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जन-जन तक प्रचार-प्रसार में महती भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भाजपा के विधायकों ने अपने-अपने विषय रखे वह पूरे सदन सहित हम सबको गौरवान्वित करने वाला है। देश में 2315 विधायक एनडीए के हैं और भाजपा के 1656 विधायक है। 181 एमएलसी एनडीए के हैं और 165 भाजपा के हैं। दोनों मिलाकर भाजपा के 2496 विधायक हैं, वहीं मध्यप्रदेश में 164 विधायक हैं। मध्यप्रदेश के विधायकों का संदेश प्रदेश के लिए ही नहीं पूरे देश भर के विधायकों के लिए है। निश्चित रूप से मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। हमें जनता की सेवा के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए भी हमेशा तत्पर रहकर कार्य करना है।

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि आप सभी क्षेत्र के सम्मानित विधायक हैं। जनता की सेवा के लिए आप राजनीति में आए हैं। आप पार्टी की विचारधारा के साथ राष्ट्र प्रथम की भावना से देश व समाज के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। 13 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जानी हैं। 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका दिवस और 16 अगस्त को पार्टी के पितृपुरूष श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती और जन्माष्टमी है। श्रद्धेय ठाकरे जी की जयंती कार्यकर्ता हर बूथ पर मनाएं। 16 अगस्त तक एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण करना है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ता उन्हें नमन कर जनता को उनके कृतित्व व व्यक्तित्व के संबंध में बताएं। पार्टी सभी कार्यकर्ता निश्चित रूप से बूथ पर मन की बात कार्यक्रम को सुनना सुनिश्चित करें। मन की बात कार्यक्रम प्रदेश के शत-प्रतिशत बूथों में कार्यकर्ता आमजन के साथ सुनें। वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता आमजन के साथ मन की बात कार्यक्रम सुन रहे हैं।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal