मशहूर अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का 87 वर्ष की आयु में निधन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 14, 2025/ अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का आज 87 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में निधन हो गया। सात जनवरी, 1938 को जन्मी सरोजा देवी ने 1955 में महाकवि कालिदास फिल्‍म से अभिनय की शुरुआत की। सात दशकों से अधिक के फिल्मी करियर में उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी में दो सौ से अधिक फिल्मों में काम किया। अंग्रेजों से लड़ने वाली कित्तूर की बहादुर रानी चेन्नम्मा की भूमिका निभाकर उन्होंने कन्नड़ फिल्म प्रेमियों का दिल जीत लिया।

भारतीय सिनेमा में बहुमूल्य योगदान के लिए सरोजा देवी को पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। 2008 में उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने एम.जी.आर. और शिवाजी गणेशन जैसे दिग्गजों के साथ तमिल फिल्मों पट्टाली मक्कल, पडिक्कधा मेधाई और कल्याण पेरिसु में अभिनय किया।

तेलुगु फिल्मों पांडुरंगा महत्यम और दक्ष यज्ञम में उनकी भक्ति और पौराणिक भूमिकाओं को समान रूप से सराहा गया। उन्होंने हिंदी फिल्मों आशा, घराना और मेहंदी लगा के रखना में राजेंद्र कुमार और शम्मी कपूर के साथ उल्लेखनीय भूमिकाएँ निभाईं।

बी. सरोजा देवी को तमिलनाडु सरकार के कलईमामणि लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार, कर्नाटक के डॉ. राजकुमार लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार और आंध्रप्रदेश सरकार के एनटीआर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिनेमा जगत की जानी-मानी हस्ती प्रसिद्ध अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति के अनुकरणीय प्रतीक के रूप में याद रखा जाएगा। बी. सरोजा देवी ने विविध भूमिकताओं द्वारा कई पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर बनी फिल्मों में उनकी बहुमुखी प्रतिभा उजागर हुई।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “प्रसिद्ध फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। अपने विविधतापूर्ण भूमिकाओं से उन्होंने कई पीढ़ियों पर अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं और विषयों पर बनी फिल्मों में किये अभिनय से उनकी बहुमुखी प्रतिभा उजागर हुई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।”

Google Search

Boys Hostel in Bhopal